शराब तस्कर संग थानेदार की 'केक पार्टी'! फोटो वायरल होते ही गिरी गाज, थानाध्यक्ष और दारोगा निलंबित
पूर्वी चंपारण के पिपरा थाना क्षेत्र से पुलिस और शराब तस्कर की कथित नजदीकी का मामला सामने आया है। शराब तस्कर के साथ पुलिसकर्मियों की केक पार्टी की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

वायरल तस्वीर में पिपरा थानाध्यक्ष सतीश कुमार और दारोगा विपिन कुमार एक व्यक्ति के साथ केक काटते और उसे केक खिलाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि तस्वीर में दिख रहा व्यक्ति शराब तस्कर बिट्टू कुमार है, जिसके खिलाफ पहले से शराब तस्करी के मामले दर्ज हैं।
तस्वीर वायरल होने के बाद एसपी स्वर्ण प्रभात ने पूरे मामले की जांच कराई। जांच में मामला सही पाए जाने के बाद एसपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिपरा थानाध्यक्ष सतीश कुमार और दारोगा विपिन कुमार को निलंबित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों की शराब तस्कर के साथ इस तरह की नजदीकी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस की छवि धूमिल करने और तस्करों का मनोबल बढ़ाने वाले आचरण को लेकर एसपी ने कार्रवाई की है। एसपी की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
पूर्वी चंपारण से प्रकाश कुमार की रिपोर्ट