पुलिस व SSB की बड़ी कार्रवाई, नेपाल से भारत लाई जा रही 3 नाबालिग सकुशल बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण जिले के कुण्डवाचैनपुर थाना क्षेत्र से मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता का मामला सामने आया है।

मोतिहारी : पूर्वी चंपारण जिले के कुण्डवाचैनपुर थाना क्षेत्र से मानव तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता का मामला सामने आया है। कुण्डवाचैनपुर थाना और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम द्वारा की गई त्वरित छापेमारी के दौरान नेपाल से भारत लाई जा रही तीन नाबालिग बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया गया है। इस अवैध कृत्य में शामिल एक अभियुक्त को भी रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी और पूछताछ के खुलासे पुलिस और एसएसबी को मिली खुफिया सूचना के आधार पर यह संयुक्त कार्रवाई की गई।
नाबालिग बालिकाओं को विभिन्न प्रलोभन देकर शोषण के उद्देश्य से नेपाल से भारत लाया जा रहा था
आपको बता दें कि शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इन नाबालिग बालिकाओं को विभिन्न प्रलोभन देकर शोषण के उद्देश्य से नेपाल से भारत लाया जा रहा था। इस मामले में पुलिस ने तस्कर सलाउद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मोतिहारी पुलिस और एसएसबी की इस सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया है। पुलिस बालिकाओं के परिजनों से संपर्क करने और इस मानव तस्करी नेटवर्क के अन्य सुराग तलाशने में जुटी हुई है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट










