जहानाबाद समेत लाखों रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, सांसद सुरेन्द्र यादव की पहल पर 184.2 करोड़ की योजनाओं को मिली मंजूरी
जहानाबाद सहित पटना-गया रेलखंड के लाखों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सांसद सुरेन्द्र यादव की पहल पर रेल मंत्रालय से 184.2 करोड़ रुपये की योजनाओं को मिली मंजूरी।
जहानाबाद सहित पटना-गया रेलखंड के लाखों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सांसद डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप पूर्व मध्य रेल, दानापुर मंडल संसदीय समिति की बैठक में क्षेत्र के विकास एवं यात्री सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी मिल गई है। स्वीकृत परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत लगभग 184.2 करोड़ रुपये बताई गई है।
23 जून को आयोजित संसदीय समिति की बैठक में सांसद डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने जहानाबाद और आसपास के क्षेत्रों के रेल यात्रियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया। उनके द्वारा प्रस्तुत कई प्रस्तावों पर रेल प्रशासन ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए स्वीकृति प्रदान की।
बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार जहानाबाद जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 12 मीटर चौड़ा आधुनिक फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 5.86 करोड़ रुपये होगी। इससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में काफी सहूलियत मिलेगी और भीड़भाड़ की समस्या भी कम होगी।
इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जहानाबाद रेलवे स्टेशन का 11.03 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक आधुनिकीकरण एवं अपग्रेडेशन किया जाएगा। स्टेशन परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा तथा यात्रियों के लिए बेहतर इंतजाम किए जाएंगे।
स्टेशन और उसके आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। साथ ही स्टेशन परिसर और मुख्य प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे यात्रियों को रात्रि के समय बेहतर सुविधा मिल सके।
पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए स्टेशन परिसर में 50 हजार गैलन क्षमता वाले जल टैंक का निर्माण कराया जाएगा। वहीं दिव्यांग यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म तक सुगम पहुंच के लिए रैंप सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सांसद डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने बैठक में वंदे भारत एक्सप्रेस के जहानाबाद जंक्शन पर ठहराव की मांग भी प्रमुखता से रखी। इसके साथ ही जहानाबाद से देश की राजधानी नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत हुआ है, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधे राजधानी तक बेहतर रेल संपर्क मिल सकेगा।
यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए गया-पटना रेलखंड पर रात्रि 9:55 बजे के बाद एक अतिरिक्त पैसेंजर ट्रेन चलाने का भी निर्णय लिया गया है। इससे देर रात यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। रेल सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से 96.35 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा। इससे रेल संपत्ति की सुरक्षा बढ़ेगी तथा दुर्घटनाओं की आशंका में भी कमी आएगी।
सांसद डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से जहानाबाद और आसपास के क्षेत्रों में रेल सुविधाओं का विस्तार होगा तथा यात्रियों को आधुनिक और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा। उन्होंने इसके लिए रेल मंत्रालय एवं रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट