अवैध हथियारों की बड़ी खेप बरामद, चार गिरफ्तार, हथियार, कारतूस जब्त
जमुई में पुलिस ने एसटीएफ और डीआईयू की सूचना पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

जमुई में पुलिस ने एसटीएफ और डीआईयू की सूचना पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से एक देशी मास्केट, तीन देसी कट्टा और कुल 23 कारतूस जब्त किए हैं। मामले की जानकारी बुधवार को टाउन थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रभारी सदर एसडीओ अभिषेक कुमार ने दी।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को सूचना मिली थी कि टाउन थाना क्षेत्र के अम्बा गांव निवासी राजा बाबू उर्फ राजा कुमार उर्फ प्रदीप अवैध हथियार मंगाकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही जमुई टाउन थाना पुलिस, डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने अम्बा गांव में छापेमारी कर राजा कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में राजा ने बताया कि हथियार उसने सिमरिया बिक्रमपुर निवासी सुमन कुमार के पास रखवाए हैं। पुलिस ने सुमन को भी गिरफ्तार किया। सुमन की निशानदेही पर पुलिस ने बंदन कुमार के घर से एक देसी मास्केट और 15 कारतूस तथा बजरंगी कुमार उर्फ छोटू के घर से तीन देसी कट्टा और आठ कारतूस बरामद किए। गिरफ्तार अन्य आरोपितों में सिमरिया बिक्रमपुर निवासी सुमन कुमार, बंदन कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ छोटू शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि राजा बाबू का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ 2021 से 2025 तक जमुई थाना में हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के छह मामले दर्ज हैं। छापेमारी में पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय कुमार, निकेश कुमार, डीआईयू प्रभारी आलोक कुमार की टीम और एसटीएफ शामिल थी। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि हथियार किस वारदात के लिए मंगाए गए थे और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।
जमुई से हेमंत की रिपोर्ट











