पुलिस ने 72 घंटे में किया ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, प्रेम-प्रसंग में हुई थी हत्या
जिले के थावे थाना क्षेत्र के खानपुर अजमत गांव में दिल दहला देने वाली घटना का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। छठी कक्षा की 12 वर्षीय छात्रा संजना कुमारी की हत्या प्रेम-प्रसंग के विवाद में की गई थी।

गोपालगंज : जिले के थावे थाना क्षेत्र के खानपुर अजमत गांव में दिल दहला देने वाली घटना का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। छठी कक्षा की 12 वर्षीय छात्रा संजना कुमारी की हत्या प्रेम-प्रसंग के विवाद में की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है और इस सनसनीखेज वारदात से पर्दा उठा दिया है।
क्या है पूरा मामला?
आपको बता दे कि आज से तीन दिन पूर्व थावे थाना के खानपुर अजमत गांव से 12 वर्षीया किशोरी का शव पुलिस ने बरामद किया था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौप दिया था। मृतका की पहचान खानपुर अजमत गांव निवासी पवन सिंह की 12 वर्षीय पुत्री संजना कुमारी के रूप में हुई थी। वहीं घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया था। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर आरोपी के घर के सामने ही मृतका का शव रखकर जला दिया था, जिससे स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी।
मृतका और आरोपी के बीच प्रेम प्रसंग का था मामला
वहीं इस मामले में सदर एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि मृतका और आरोपी के बीच प्रेम प्रसंग का मामला था। घटना कि रात मिलने के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहा-सुनी हो गई, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी सुजीत कुमार ने कुल्हाड़ी से वार कर संजना कुमारी की निर्मम हत्या कर दी थी। आरोपी की पहचान उसी गांव के मुन्ना सिंह के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इस मामले में एसआईटी का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और अनुसंधान के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर केस का 72 घंटों के भीतर खुलासा कर दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को मंडल कारा भेजा जा रहा है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट













