खाकी हुई दागदार: गोपालगंज में जादोपुर थानाध्यक्ष समेत 4 गिरफ्तार, निर्दोषों को हाजत में बंद कर ऐंठ रहे थे पैसे
बिहार के गोपालगंज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक निर्दोष युवक को हाजत में बंद कर वसूली करने के मामले में थानेदार, दो चौकीदार सहित एक दलाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बिहार के गोपालगंज से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक निर्दोष युवक को हाजत में बंद कर वसूली करने के मामले में थानेदार, दो चौकीदार सहित एक दलाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरा मामला गोपालगंज क़े जादोपुर थाने का है। जहाँ भ्रष्टाचार, अवैध हिरासत और अवैध वसूली के एक बेहद गंभीर मामले का खुलासा हुआ है. पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर हुई जांच के बाद तत्कालीन थानाध्यक्ष अनिल राम, थाना चालक राकेश कुमार, चौकीदार महंत यादव और एक कथित दलाल राजू यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके साथ ही आरोपी पुलिसकर्मियों को निलंबित भी कर दिया गया है।
36 घंटे तक निर्दोषों को थाने में रखा कैद
पुलिस अधीक्षक को 16 अगस्त 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी मुख्यालय क़े द्वारा कराई गई जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच रिपोर्ट के अनुसार, बिना किसी प्राथमिकी या कानूनी अनुमति के जितन राम, विजय राम, शंकर राम और एक महिला व उसकी नाबालिग पुत्री को करीब 36 घंटे तक थाने में अवैध रूप से निरुद्ध रखा गया था।
निर्दोषों को धमकी देकर वसूली:
दलाल राजू यादव के माध्यम से निर्दोष ग्रामीणों को केस में फंसाने की धमकी देकर 50,000 ऐंठे गए।
महिला व बच्ची को छोड़ने की एवज में रकम:
चौकीदार महंत यादव के जरिए महिला और उसकी नाबालिग बच्ची को छोड़ने के नाम पर 75,000 लिए गए।
केस से नाम हटाने का सौदा:
सतेन्द्र सिंह के पुत्र लव कुश का नाम मामले से हटाने के एवज में 55,000 की अवैध वसूली की गई।
जांच में खुले राज...
वही जांच में यह भी पाया गया कि नियमों को ताक पर रखकर चौकीदारों से थाना लेखक का काम कराया जा रहा था। इतना ही नहीं, जांच के दौरान गवाहों को डराने-धमकाने के लिए भी दलालों का सहारा लिया गया।
मामले की पुष्टि होने के बाद जादोपुर थाना कांड संख्या-185/2026 दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस को स्टेशन डायरी में एंट्री न होना, बॉन्ड पेपर और थानाध्यक्ष का दलाल से लगातार मोबाइल संपर्क जैसे पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। पीड़ित निर्दोषों का अदालत के समक्ष बयान दर्ज कराया जा रहा है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट












