गोपालगंज में नेपाल से बहकर आ रहे मानव शव, जिला टीम मौके पर पहुंची, अलर्ट जारी...
गोपालगंज प्रखंड के खाप मकसूदपुर गंडक नदी में नेपाल की ओर से बहकर मानव शव आने की सूचना पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए टीम गठित कर मौके पर भेजा। टीम ने गंडक नदी के दियारा क्षेत्र में पहुंचकर सूचना के आधार पर व्यापक जांच-पड़ताल की।

गोपालगंज प्रखंड के खाप मकसूदपुर गंडक नदी में नेपाल की ओर से बहकर मानव शव आने की सूचना पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए टीम गठित कर मौके पर भेजा। जांच टीम में सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शहनवाज यूसुफजई, अंचलाधिकारी रजत वर्णवाल, थाना प्रभारी गोपालगंज, आपदा मित्र सुधीर कुमार, एसडीआरएफ के तीन सदस्य एवं मेडिकल टीम ने गंडक नदी के दियारा क्षेत्र में पहुंचकर सूचना के आधार पर व्यापक जांच-पड़ताल की।
मौके पर किसी भी मानव शव की बरामदगी नहीं हुई। हालांकि, बड़ी संख्या में मृत मछलियां एवं कुछ मृत पशुओं के शव दिखाई दिए। नदी में तेज बहाव तथा अत्यधिक दुर्गंध के बीच टीम ने आसपास के क्षेत्रों में भी सघन जांच की। जांच के उपरांत प्रथमदृष्टया टीम ने किसी भी मानव शव की मौजूदगी अथवा बरामदगी से इनकार किया है।
जिला प्रशासन गंडक नदी के जलस्तर एवं तेज बहाव तथा नेपाल में आई बाढ़ के कारण बहकर आने वाली मृत मछलियों को देखते हुए आमलोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। गंडक नदी के अपवाह क्षेत्र में नाव का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित है। आमजन नदी में नाव का परिचालन नहीं करें।
साथ ही, नदी में बहकर आने वाली अथवा मृत पड़ी मछलियों एवं अन्य जलीय जीवों का सेवन नहीं करने की अपील की गई है। मृत मछलियों से उत्पन्न दुर्गंध वाले स्थानों से भी दूरी बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा शव दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन या पुलिस को सूचना देने का अनुरोध किया गया है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट










