गोपालगंज सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक घोटाला: भोरे शाखा में 2.98 करोड़ के गबन पर बड़ी कार्रवाई, 3 बर्खास्त, 4 डिमोट
गोपालगंज सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की भोरे शाखा में हुए लगभग 2.98 करोड़ रुपये के चर्चित गबन मामले में बैंक प्रबंधन ने वित्तीय अनियमितता की पुष्टि होने के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन निलंबित कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है।

गोपालगंज सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक की भोरे शाखा में हुए लगभग 2.98 करोड़ रुपये के चर्चित गबन मामले में बैंक प्रबंधन ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। वित्तीय अनियमितता की पुष्टि होने के बाद बैंक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन निलंबित कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है, जबकि चार अन्य कर्मचारियों को डिमोट कर दिया गया है।
वित्तीय वर्ष 2022-23 का मामला
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गोपालगंज जिले के भोरे शाखा में वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान कुल 2,98,90,520 रुपये का भारी गबन किया गया था। इस गबन की खबर सामने आने के बाद उच्चस्तरीय जांच हुई थी।
इन तीन कर्मचारियों की समाप्त की गई सेवा
बैंक प्रबंधन ने अब इस मामले में संलिप्त पाए गए तीन निलंबित कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है: जिनको बर्खास्त किया गया है उनमें तत्कालीन शाखा प्रबंधक चौधरी संजय कुमार। बैंक कर्मी संजीव कुमार बैंक कर्मी अमित कुमार झा का नाम शामिल है।
चार क्लर्क डिमोट, एक महीने का अल्टीमेटम
वहीं बर्खास्तगी के अलावा, बैंक ने चार अन्य कर्मियों पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। जिनमें कर्मचारी: सोहैल अहमद, सुमित कुमार, कुमार वरुण और नीतीश कुमार का नाम शामिल है.इन चारों को क्लर्क के पद से डिमोट करके अनुसेवक (प्यून) बना दिया गया है।
साथ ही प्रबंधन ने इन चारों को निर्देश दिया है कि वे अपनी आईडी से अवैध रूप से निकाली गई राशि को एक महीने के भीतर बैंक में जमा कराएं। यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर पैसे वापस नहीं किए गए, तो इनकी सेवा भी समाप्त कर दी जाएगी।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट













