दहेज के दानवों ने ली नवविवाहिता की जान, गला दबाकर हत्या के बाद पूजा घर में सुला दी लाश
दहेज की अंतहीन भूख ने एक और हंसती-खेलती बेटी की जिंदगी छीन ली। कटेया थाना क्षेत्र के भाट पोईया गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।

गोपालगंज (कटेया) : दहेज की अंतहीन भूख ने एक और हंसती-खेलती बेटी की जिंदगी छीन ली। कटेया थाना क्षेत्र के भाट पोईया गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महज पांच लाख रुपए की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने एक नवविवाहिता की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। क्रूरता की हद तो तब पार हो गई जब हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने या नाटक रचने के इरादे से के शव को घर के पूजा रूम में सुला दिया गया।
4 दिसंबर को ही हुई थी शादी, तभी से मिल रही थी प्रताड़ना
पूर्वी चंपारण जिले के पहाड़पुर थाना अंतर्गत नवाडीही (भतोली) ग्राम निवासी राकेश कुमार शर्मा ने कटेया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन के अनुसार, उन्होंने अपनी बहन प्रीति देवी की शादी हिन्दू रीति-रिवाज से चार दिसंबर 2023 को गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र के भाट पोईया निवासी उमेश मिश्रा के पुत्र दिवाकर कुमार मिश्रा के साथ की थी। शादी में सामर्थ्य के अनुसार गहने, कपड़े, नकद, बर्तन और मोटरसाइकिल जैसे उपहार दिए गए थे। पीड़ित भाई का आरोप है कि विदाई के बाद से ही पति दिवाकर कुमार मिश्रा और उसके परिवार के लोग प्रीति को कम दहेज का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे। वे लोग कपड़ों का व्यवसाय शुरू करने के लिए मायके से पांच लाख रुपए नकद लाने का लगातार दबाव बना रहे थे।
आधी रात को आया फोन कि तुम्हारी बहन की तबीयत खराब है
शिकायतकर्ता राकेश शर्मा के अनुसार, 29 अक्टूबर की सुबह करीब 1:24 बजे उनके मोबाइल पर आरोपी पति दिवाकर कुमार मिश्रा का फोन आया, जिसने कहा कि प्रीति की तबीयत बहुत खराब है और तुम लोग देखने के लिए आ जाओ । इसके ठीक बाद फोन स्विच ऑफ हो गया। अनहोनी की आशंका के चलते जब सुबह करीब 1:34 बजे दोबारा उसी नंबर से फोन आया, तो उन्हें बताया गया कि उनकी बहन अब इस दुनिया में नहीं रही।
पूजा घर में संदिग्ध हालत में मिली शव ससुराल वाले फरार
सूचना मिलते ही जब भाई आनन-फानन में भाट पोईया स्थित बहन के ससुराल पहुंचा, तो वहां का नजारा देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई। प्रीति का शव घर के पूजा रूम में सुलाया हुआ था और उसके गले पर दबाए जाने के गहरे निशान थे। मायके वालों के पहुंचते ही ससुराल के सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो चुके थे।
इन 5 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज
मृतका के भाई की तहरीर पर कटेया पुलिस ने पति दिवाकर कुमार मिश्रा, राजा कुमार मिश्रा और मनोज मिश्रा सहित दो महिला पर नामजद एफआईआर दर्ज कराया है। वहीं इस मामले में कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट











