गंडक के बढ़ते जलस्तर पर प्रशासन अलर्ट, DM व SP ने तटबंधों का किया औचक निरीक्षण, संवेदनशील स्थलों पर पैनी नजर
गंडक नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क मोड में आ गया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए बुधवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ एवं पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने बैकुंठपुर प्रखंड अंतर्गत शीतलपुर-परखा क्षेत्र का दौरा कि

गोपालगंज : गंडक नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क मोड में आ गया है। स्थिति का जायजा लेने के लिए बुधवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ एवं पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने बैकुंठपुर प्रखंड अंतर्गत शीतलपुर-परखा क्षेत्र का दौरा किया। अधिकारियों ने वहां रिंग बांध के क्षतिग्रस्त हिस्से सहित मुख्य सारण तटबंध की वर्तमान स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बसहिया प्यारेपुर से लेकर डुमरिया घाट रिवर फ्रंट तक तटबंध के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि तटबंधों की 24×7 निगरानी रखी जाए। साथ ही, कटाव, रिसाव या किसी अन्य प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभाव से मरम्मती और सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएं।
राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी
प्रभावित इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रेस्क्यू टीमों की मदद से निचले और प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। सभी संवेदनशील तटबंधों और छरकियों की पहचान कर ली गई है, जहां सतत निगरानी के लिए अतिरिक्त पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा NDRF और SDRF की टीमों को भी मुस्तैद रखा गया है।
सामुदायिक रसोई व मेडिकल कैंप शुरू
बाढ़ से प्रभावित लोगों को तुरंत सहायता प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा राहत शिविर, मेडिकल कैंप और प्लास्टिक बैग (तिरपाल) का वितरण शुरू कर दिया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई का संचालन भी प्रारंभ कर दिया गया है, ताकि लोगों को भोजन की कोई समस्या न हो। पुलिस और प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
जलस्तर में गिरावट शुरू, DM ने की सावधानी बरतने की अपील
जिला प्रशासन के अनुसार गंडक नदी में पानी का दबाव अब धीरे-धीरे कम हो रहा है और जलस्तर घटने लगा है, जिससे स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, खतरे को देखते हुए डीएम समीर सौरभ ने आम जनता से अपील की है कि वे जलभराव वाले और नदी के संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा चिह्नित सुरक्षित व ऊंचे स्थानों पर ही शरण लें।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट










