बीडीओ बनी शिक्षिका, बच्चों की ली क्लास, जमीन पर बैठकर साथ खाया मध्याह्न भोजन
गया जिले में एक बीडीओ का ऐसा अंदाज देखने को मिला, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। यहां अधिकारी की कुर्सी छोड़ बीडीओ खुद बच्चों की शिक्षिका बन गईं। बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर वही मध्याह्न भोजन भी किया।

गया जिले में एक बीडीओ का ऐसा अंदाज देखने को मिला, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। यहां अधिकारी की कुर्सी छोड़ बीडीओ खुद बच्चों की शिक्षिका बन गईं। उन्होंने न सिर्फ संविधान और लोकतंत्र का पाठ पढ़ाया, बल्कि बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर वही मध्याह्न भोजन भी किया, जो स्कूल में परोसा जा रहा था।
गया जिले के खिजरसराय प्रखंड के मध्य विद्यालय सरैया में शुक्रवार को बीडीओ पूजा गहलौत औचक निरीक्षण के लिए पहुंचीं। लेकिन निरीक्षण के दौरान उन्होंने एक अलग ही मिसाल पेश की। वे सीधे बच्चों की कक्षा में पहुंचीं और करीब एक घंटे तक खुद शिक्षक की भूमिका निभाते हुए पढ़ाई कराई।
बीडीओ ने बेहद सरल और रोचक तरीके से बच्चों को भारतीय संविधान, लोकतंत्र, कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका के बारे में समझाया। उन्होंने बच्चों को उनके अधिकार और कर्तव्यों की जानकारी दी। पढ़ाई के दौरान सवाल-जवाब का दौर भी चला, जिसमें सही उत्तर देने वाले बच्चों की उन्होंने खुलकर सराहना की। इससे बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
पढ़ाई के बाद बीडीओ ने स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पढ़ाई का स्तर, स्कूल की साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही शिक्षकों को निर्देश दिया कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद बीडीओ ने मध्याह्न भोजन योजना की भी जांच की। भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए वे खुद बच्चों के साथ जमीन पर पंक्ति में बैठीं और वही भोजन किया जो बच्चों को परोसा गया था। इस दौरान उन्होंने बच्चों से भोजन के स्वाद, पढ़ाई और स्कूल की व्यवस्था को लेकर खुलकर बातचीत भी की।
बीडीओ पूजा गहलौत ने कहा कि सरकारी स्कूल सिर्फ शिक्षा देने का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के चरित्र और व्यक्तित्व निर्माण की सबसे मजबूत नींव हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छ वातावरण और पौष्टिक भोजन मिले, ताकि उसका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
गया से मनोज कुमार की रिपोर्ट













