सारण MLC चुनाव: जन सुराज प्रत्याशी आफाक अहमद पर FIR, आचार संहिता उल्लंघन का आरोप
छपरा। बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव-2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी आफाक अहमद के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

छपरा। बिहार विधान परिषद के सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव-2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी आफाक अहमद के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई 22 अक्टूबर की देर रात कार्यपालक दंडाधिकारी, सदर छपरा रविकान्त सिंह के आवेदन के आधार पर नगर थाना में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जन सुराज पार्टी के आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर एक पोस्ट जारी किया गया था। आरोप है कि इस पोस्ट में प्रत्याशी आफाक अहमद के नाम से सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षकों को सातवां वेतनमान दिलाने से संबंधित सामग्री साझा की गई थी। साथ ही, शिक्षकों से उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील किए जाने का भी उल्लेख है।
मामले को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ा मानते हुए कार्यपालक दंडाधिकारी रविकान्त सिंह ने नगर थाना के थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन दिया। आवेदन में संबंधित मामले में सुसंगत कानूनी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया था। इसके बाद आफाक अहमद के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस की कार्रवाई पर टिकी नजरें
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के बीच इस मामले ने राजनीतिक हलकों में चर्चा बढ़ा दी है। अब पुलिस की ओर से मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान सोशल मीडिया पोस्ट की प्रकृति, उसकी सामग्री और आचार संहिता के संभावित उल्लंघन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा सकती है।
सारण/छपरा से यशवंत कुमार सिंह की रिपोर्ट













