नवगछिया में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, हेलमेट में छिपाकर ले जा रहे थे स्मैक, 2 तस्कर गिरफ्तार
बिहार में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। आज नवगछिया पुलिस ने ब्राउन शुगर यानी स्मैक तस्कर के खिलाफ बहुत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इनके पास से एक किलो 126 ग्राम ब्राउन शुगर यानी स्मैक बरामद की है।

भागलपुर : बिहार में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। आज नवगछिया पुलिस ने ब्राउन शुगर यानी स्मैक तस्कर के खिलाफ बहुत बड़ी कार्रवाई की है। मादक पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक किलो 126 ग्राम ब्राउन शुगर यानी स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार दोनों तस्कर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों मोटरसाइकिल से स्मैक की खेप लेकर पूर्णिया की ओर से आ रहे थे और इसे नवगछिया के रास्ते खगड़िया पहुंचाने की तैयारी थी।
नवगछिया SP को गुप्त सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल पर सवार 2 व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर नारायणपुर की ओर जा रहे हैं
दरअसल, नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर नारायणपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने मकंदपुर चौक के समीप वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पूर्णिया की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के हेलमेट के अंदर छिपाकर रखी गई एक किलो 126 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस ने मौके से मालदा जिले के कलियाचक थाना क्षेत्र के रहने वाले रूहुल मोमिन और अज़ीज़ मोमिन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों ने कहा- वे मालदा से स्मैक की खेप लेकर खगड़िया जा रहे थे
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मालदा से स्मैक की खेप लेकर खगड़िया जा रहे थे। इस मामले में गोपालपुर थाना में कांड संख्या 396/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। वहीं, नवगछिया पुलिस के अनुसार, नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले पांच महीने के दौरान पुलिस ने कुल 4 किलोग्राम स्मैक बरामद करने के साथ 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
SDPO के नेतृत्व में एंटी ANTF का भी गठन किया गया है
इसके अलावा मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) का भी गठन किया गया है। अब पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। सवाल यह है कि मालदा से खगड़िया तक फैले इस नशे के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा पुलिस की आगे की जांच में हो सकता है।
भागलपुर से शिवम कुमार की रिपोर्ट













