मुहाल हुआ आना जाना, ट्रकों के महाजाम से त्राहिमाम हुआ जनजीवन
जिले के कोईलवर-डोरीगंज फोरलेन और सकड्डी-नासरीगंज स्टेट हाइवे पर बालू वाले ट्रकों की लंबी कतार से स्थिति गम्भीर हो गयी है। बालू कॉरिडोर की इन दोनों सड़कों पर ट्रकों के लगातार जाम में फंसे रहने का असर अब पटना-बक्सर एनएच पर भी दिखने लगा है।

भोजपुर: जिले के कोईलवर-डोरीगंज फोरलेन और सकड्डी-नासरीगंज स्टेट हाइवे पर बालू वाले ट्रकों की लंबी कतार से स्थिति गम्भीर हो गयी है। बालू कॉरिडोर की इन दोनों सड़कों पर ट्रकों के लगातार जाम में फंसे रहने का असर अब पटना-बक्सर एनएच पर भी दिखने लगा है। इन मार्गों से निकलने की कोशिश में वाहनों का दबाव एनएच-922 पर बढ़ जा रहा है। इससे आम राहगीरों और छोटे-बड़े वाहनों से सफर करने वालों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
कोईलवर-डोरीगंज फोरलेन पर बालू लदे ट्रकों के साथ खाली ट्रकों की भी लंबी कतार लगी रह रही है वहीं सकड्डी-नासरीगंज स्टेट हाइवे पर भी भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पर गाड़ियों की रफ्तार थम जा रही है। दोनों तरफ जाम रहने से मनभावन मोड़, सकड्डी मोड़ और आसपास के रास्तों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ जा रहा है। हालत यह है कि एक सड़क पर जाम लगने के बाद दूसरी सड़क पर भी गाड़ियों की कतार लगने लगती है।
स्थानीय लोगों की मानें तो बालू ढुलाई में लगे ट्रकों की बढ़ती संख्या के कारण कोईलवर इलाके में जाम अब रोजमर्रा की परेशानी बनती जा रही है। पहले कोईलवर-झलकुनगर फोरलेन पर ट्रकों की कतार से परेशानी होती थी। कई बार खाली ट्रकों की कतारें छपरा शहर तक पहुंचने की नौबत आ चुकी है। अब सकड्डी-नासरीगंज स्टेट हाइवे पर भी यही स्थिति बन रही है। दोनों प्रमुख सड़कों पर जाम का असर एनएच तक पहुंचने से आम लोगों की परेशानी और बढ़ गयी है। दोनों सड़कों को जोड़ने वाले पटना-बक्सर एनएच के सकडडी मोड़ से मनभावन मोड़ तक के हिस्से में लगे जाम से पटना-आरा-बक्सर के बीच सफर करने वाले यात्रियों को भी न चाहते हुए इस आफत का सामना करना पड़ रहा है।
दोनों सड़कों पर जाम लगने से सड़क पर यातायात तो बाधित हो ही रहा है साथ ही साथ इस एनएच के कुल्हड़िया में स्थित टोलप्लाज़ा पर भी जाम की स्थिति बन रही है। ऐसे में सरकार को होने वाले राजस्व का भी नुकसान हो रहा है। लोगों का कहना है कि जब तक ट्रकों के परिचालन को व्यवस्थित नहीं किया जायेगा, तब तक जाम से राहत मिलना मुश्किल है। इधर इस बाबत कोईलवर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल ने बताया कि पिछले दो तीन दिनों में इस सड़क पर यातायात दबाव बढ़ा है लेकिन यातायात व्यवस्था में लगे जवानों के साथ वे खुद भी अधिकारियों के साथ जाम की समस्या से निपटने को लेकर सड़क पर हैं। दो दिनों से हो रहे रिमझिम बारिश के बावजूद पुलिस और यातायात संधारण की टीम जाम से निपट रही है।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट













