हथकड़ी समेत फरार हुआ ऑटो लूट का आरोपित, पुलिस को चकमा देकर भागा नीतीश कुमार
भोजपुर जिले के गीधा थाना परिसर से ऑटो लूट मामले में गिरफ्तार एक आरोपित हथकड़ी समेत फरार हो गया. घटना सोमवार की भोर की बतायी जा रही है. फरार आरोपित की पहचान बंधुआ गांव निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है.

कोईलवर/भोजपुर : भोजपुर जिले के गीधा थाना परिसर से ऑटो लूट मामले में गिरफ्तार एक आरोपित हथकड़ी समेत फरार हो गया। घटना सोमवार की भोर की बतायी जा रही है। फरार आरोपित की पहचान बंधुआ गांव निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने ऑटो लूट मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इसी दौरान शौचालय जाने के क्रम में नीतीश कुमार पुलिस की निगरानी से बचकर भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
ऑटो चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए गीधा पुलिस ने कार्रवाई की थी
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए गीधा पुलिस ने कार्रवाई की थी। इस दौरान रविवार को तीन आरोपितों को पकड़कर गीधा थाना लाया गया था। थाने में रखे जाने के दौरान एक आरोपित ने शौचालय जाने की बात कही जिसके बाद उसे शौच के लिए ले जाया गया। इसी क्रम में वह पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी समेत फरार हो गया। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन तत्काल उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
थाना परिसर से हथकड़ी समेत गिरफ्तार आरोपित के फरार होने की घटना ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं दूसरी ओर थाने में रखे गये आरोपित के भाग निकलने से सुरक्षा में चूक की बात सामने आई है। अब पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
तीन साल में तीन आरोपित भागे
गीधा थाने से आरोपितों के भागने का यह मामला नया नहीं है.इससे पहले भी दो बार इसी गीधा थाने से आरोपित फरार हो चुके हैं। हालांकि तब पुलिसकर्मियों ने ततपरता दिखाते हुए उन्हें भागने के क्रम में ही धर दबोचा था। जबकि इस बार भागे आरोपित का अबतक कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है। मालूम हो कि 25 अप्रैल 2024 को तत्तकालीन थानाध्यक्ष प्रियाशीला के कार्यकाल में कायमनगर बाजार पर व्यवसायी की साइकिल चोरी कर रहे चोर थाना क्षेत्र के ही शिवनगर के जयप्रकाश यादव को पकड़ कर थाने लाया गया था जहां से वह हथकड़ी सहित भाग गया था। बाद में उसे आरा के गांगी इलाके से पकड़ा गया था। वहीं दूसरे केस में तत्कालीन थानाध्यक्ष उमुस सलमा के कार्यकाल में 24 अप्रैल 2025 को पचैना निवासी लालू चौधरी को शराब पीने के जुर्म में पकड़ा गया था।
इस संबंध में एसडीपीओ-2 रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि ऑटो लूट मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। सोमवार की सुबह शौचालय जाने के दौरान उनमें से एक आरोपित हथकड़ी समेत फरार हो गया। उन्होंने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
आरा से दीपक गुप्ता की रिपोर्ट













