X ने क्रिएटर्स के लिए Video Kickstart Bonus नाम से शुरू किया एक नया पायलट प्रोग्राम
लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) ने क्रिएटर्स के लिए 'वीडियो किकस्टार्ट बोनस' नाम से एक नया पायलट प्रोग्राम शुरू किया है, जिसके तहत चुनिंदा क्रिएटर्स को तीन हजार डॉलर (लगभग 2.85 लाख रुपए) तक का फिक्स्ड बोनस दिया जा रहा है।

पटना : लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) ने क्रिएटर्स के लिए 'वीडियो किकस्टार्ट बोनस' नाम से एक नया पायलट प्रोग्राम शुरू किया है, जिसके तहत चुनिंदा क्रिएटर्स को तीन हजार डॉलर (लगभग 2.85 लाख रुपए) तक का फिक्स्ड बोनस दिया जा रहा है। यह पेमेंट वीडियो पर आने वाले व्यूज, लाइक्स या री-पोस्ट पर निर्भर नहीं करता है, बल्कि तय शर्तों को पूरा करने पर मिलता है। हालांकि, क्रिएटर्स को रेगुलर वीडियो पोस्ट करने होंगे।
कितने पोस्ट करने होंगे Video
आपको 30 दिन की अवधि के भीतर कम से कम 15 अलग-अलग दिनों पर 15 ओरिजिनल वीडियो पोस्ट करने होंगे। आप सारे वीडियो एक या दो दिन में लगातार अपलोड नहीं कर सकते। वीडियो वर्टिकल (खड़े स्क्रीन मोड) में होना चाहिए और इसकी अवधि तीन मिनट से कम होनी चाहिए। वीडियो पूरी तरह आपका खुद का होना चाहिए। किसी और का वीडियो कॉपी करके डालने या उस पर यूट्यूब/इंस्टाग्राम आदि का वॉटरमार्क होने पर बोनस नहीं मिलेगा। यह पायलट प्रोग्राम अभी आम जनता या सभी यूजर्स के लिए खुला नहीं है, इसमें केवल एक्स द्वारा आमंत्रित किए गए क्रिएटर्स ही हिस्सा ले सकते हैं।
क्रिएटर प्रोडक्ट लीड एलेग्रा जैकिया ने X पर ट्वीट करके इस पायलट प्रोग्राम की घोषणा की है
क्रिएटर प्रोडक्ट लीड एलेग्रा जैकिया ने एक्स पर ट्वीट करके इस पायलट प्रोग्राम की घोषणा की है। एलेग्रा जैकिया ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि हम एक्स पर वीडियो पर खास फोकस कर रहे हैं। आज हम वीडियो किकस्टार्ट बोनस का पायलट प्रोजेक्ट शुरू कर रहे हैं। यह केवल इनवाइट-ओनली प्रोग्राम है, जिसमें क्रिएटर्स को अपना वीडियो कंटेंट पोस्ट करने के लिए रिवॉर्ड दिया जाता है। इसका मतलब साफ है कि इस प्रोग्राम में सिर्फ इनवाइट किए गए क्रिएटर्स ही शामिल हो सकते हैं। बता दें कि इस प्रोग्राम के तहत मिलने वाले रिवॉर्ड की राशि वीडियो के व्यूज या एंगेजमेंट पर निर्भर नहीं करेगा।
30 अक्टूबर तक करना होगा एनरोल
एक्स ने इस प्रोग्राम के लिए सिलेक्ट होने वाले क्रिएटर्स के लिए कोई क्राइटेरिया नहीं बताया है, इसलिए अभी ऐसा कुछ नहीं कहा जाता है कि जिनके फॉलोवर्स ज्यादा होंगे, एक्स उन्हें ही इनवाइट करेगा। जिन लोगों को इनवाइट किया जाएगा, वे क्रिएटर स्टूडियो में प्रोग्राम्स सेक्शन के तहत इस प्रोग्राम को देख पाएंगे। अगर वे इस प्रोग्राम में शामिल होना चाहते हैं तो उन्हें 30 अक्टूबर, 2026 तक एनरोल करना होगा। जैकिया के अनुसार, एक्स आने वाले दिनों में इनवाइट भेजना शुरू कर देगा। इस पायलट प्रोग्राम में एक्स के अलग ओरिजिनल कंटेंट रिवॉर्ड्स प्रोग्राम जैसी शर्तें भी नहीं हैं, जैसे कि प्रीमियम सब्सक्रिप्शन, पांच सौ वेरिफाइड फॉलोअर्स और पांच लाख इम्प्रेशन की जरूरत।
इन नियमों का करना होगा पालन
- वीडियो किकस्टार्ट बोनस प्रोग्राम में क्रिएटर्स को वीडियो फॉर्मेट, ओरिजिनैलिटी और पोस्ट करने की फ्रीक्वेंसी को ध्यान में रखना होगा।
- हर वीडियो वर्टिकल फॉर्मेट में होना चाहिए।
- वीडियो तीन मिनट से कम का होना चाहिए।
- साथ ही क्रिएटर द्वारा शेयर किया गया वीडियो कंटेंट ओरिजिनल होना चाहिए।
- अगर आपने कोई वीडियो पहले किसी दूसरे सोशल मीडिया ऐप पर पोस्ट किया है, तो उसे यहां भी इस्तेमाल किया जा सकता है। बस शर्त यह है कि उस वीडियो पर किसी भी ऐप का लोगो या वॉटरमार्क नहीं होना चाहिए।
- कंटेंट क्रिएटर्स को 30 दिनों के कैंपेन के दौरान 15 अलग-अलग दिनों में कम से कम 15 वीडियो पब्लिश करने होंगे। सभी 15 वीडियो एक ही दिन पोस्ट करने से यह शर्त पूरी नहीं होगी।













