अखिलेश का चैलेंज CM योगी ने किया स्वीकार, कहा- 'मैं अयोध्या से लड़ने को तैयार, आप भी कीजिए नामांकन...'

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (SP) सुप्रीमो व पूर्व सीएम अखिलेश यादव की अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती पर पलटवार किया है।

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (SP) सुप्रीमो व पूर्व सीएम अखिलेश यादव की अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती पर पलटवार किया है। बलरामपुर की सभा में उन्होंने अखिलेश को भी अयोध्या से नामांकन करने को कहा और माफिया, राम मंदिर और विपक्ष की भाषा पर भी बोले। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी अखिलेश पर सवाल उठाए। 

अखिलेश ने 2 दिन पहले अयोध्या पहुंचकर योगी को चुनाव लड़ने को कहा था

आपको बता दें कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव दो दिन के दौरे पर अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने भागवत कथा में हिस्सा लिया, संतों से आशीर्वाद लिया और जनसभा में बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी लोकप्रियता पर भरोसा है तो अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं। चुनाव आयोग और प्रशासन के रवैए पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि राज्य न्याय और मानवता से चलता है और अयोध्या की जनता चुनाव में दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी। 

CM योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में दिया जवाब

इसी पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश, अयोध्या हमारी पावन धाम है। हम सियासत के लिए नहीं, विकास के लिए अयोध्या जाते हैं। आगे बोले कि आइए, आपको ऑफर देता हूं। आप भी अयोध्या से नामांकन करिए और मैं भी। चलिए, एक बार किस्मत आजमा लेते हैं। योगी ने अयोध्या को अपनी आस्था की स्थली बताया।