CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में 17 मेडल के साथ भारत किस नंबर पर, पदक बढ़े पर स्थान खिसके, पदकवीरों को जानिए

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के खाते में पदकों की संख्या बढ़ती जा रही है।तीन गोल्ड समेत भारत 17 मेडल जीत चुका है। वहीं बॉक्सिंग में 10 मेडल पक्के हो चुके हैं। यानी भारत कम से कम 27 मेडल तक तो पहुंच ही जाएगा।

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में  भारत के खाते में पदकों की संख्या बढ़ती जा रही है। हर दिन भारत के खाते में कोई न कोई मेडल आ रहा है। भारत के खाते में अब तीन स्वर्ण, 10 रजत और चार कांस्य सहित कुल 17 पदक हैं। 30 जुलाई तक तीन गोल्ड समेत भारत 17 मेडल जीत चुका है। वहीं बॉक्सिंग में 10 मेडल पक्के हो चुके हैं। यानी भारत कम से कम 27 मेडल तक तो पहुंच ही जाएगा। गुरुवार को भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह ने राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड बनाते हुए रजत पदक जीता, जबकि एथलेटिक्स में सीमा ने महिला चक्का फेंक में कांस्य पदक अपने नाम किया।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के आठवें दिन भारत के दो एथलीट पदक हासिल करने में कामयाब रहे। दिन का पहला पदक लवप्रीत सिंह ने दिलाया। उन्होंने वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में 388 किग्रा (176 किग्रा स्नैच + 212 किग्रा क्लीन एंड जर्क) का भार उठाते हुए रजत पदक जीता। वहीं सीमा कलीरामना ने कांस्य पदक अपने नाम किया। अंतिम पदक के लिए दो भारतीय खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। जहां अंत में सीमा ने निधि रानी को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की।सीमा का सर्वश्रेष्ठ थ्रो 58.65 मीटर का रहा, जबकि निधि का 57.10 मीटर का। 

अब तक कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के खाते में कुल 17 पदक आ चुके हैं, जिनमें 3 स्वर्ण, 10 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के आठवें दिन के मुकाबलों के बाद भारत पदक तालिका में 10वें स्थान पर बना हुआ है। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया ने अपना दबदबा कायम रखते हुए 51 स्वर्ण, 24 रजत और 35 कांस्य के साथ कुल 110 पदक हासिल कर शीर्ष स्थान पर कब्जा बनाए रखा। इंग्लैंड 65 पदकों के साथ दूसरे और कनाडा 45 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है। भारत ने बुधवार से गुरुवार तक दो पदकों का इजाफा किया। मेडल टैली में भारत से ऊपर मौजूद नाइजीरिया, मलेशिया और जमैका के कुल मेडल की संख्या भारतीय दल से कम हैं। क्योंकि पदक तालिका में कौन टॉप पर रहेगा, इसका फैसला गोल्ड मेडल करता है, इसीलिए यह देश भारत से ऊपर हैं।

बतातें चलें कि भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स में सबसे अधिक पदक जीतने का रिकॉर्ड पूर्व निशानेबाज जसपाल राणा के नाम है। उन्होंने कुल 15 पदक जीते हैं, जिनमें 9 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए निशानेबाजी सबसे सफल खेल रहा है और इसी खेल से देश को सबसे अधिक पदक मिले हैं। हालांकि, गोल्ड कोस्ट 2018 के बाद से निशानेबाजी को कॉमनवेल्थ गेम्स के प्रोग्राम में शामिल नहीं किया गया है।

वहीं कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नई दिल्ली 2010 में रहा, जब मेजबान टीम ने 39 स्वर्ण, 26 रजत और 36 कांस्य सहित कुल 101 पदक जीतकर पदक तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया था। यह अब तक का एकमात्र अवसर है जब भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स में 100 से अधिक पदक जीते। वहीं, बर्मिंघम 2022 में भारत ने 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य सहित कुल 61 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया था। हालांकि, ग्लासगो 2026 में प्रतियोगिताओं की संख्या कम कर दी गई है। इस बार कुश्ती, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और हॉकी समेत नौ खेलों को कार्यक्रम से बाहर रखा गया है। 

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारत के 17 पदक

स्वर्ण पदक (3)

1.मीराबाई चानू, वेटलिफ्टिंग (महिला 48 किग्रा): कुल 190 किग्रा (85 किग्रा स्नैच + 105 किग्रा क्लीन एंड जर्क) 

2.शर्मिला धनखड़, पैरा एथलेटिक्स (महिला शॉट पुट F57): 9.81 मीटर का सीजन बेस्ट थ्रो 

3.दिलीप महादू गावित–पैरा एथलेटिक्स (पुरुष 100 मीटर T47) 

रजत पदक (10)

1.हरजिंदर कौर - महिला 69 किग्रा वेटलिफ्टिंग (सिल्वर)

2.गुलवीर सिंह - पुरुष 10,000 मीटर एथलेटिक्स (सिल्वर)

3.ऋषिकांत सिंह, वेटलिफ्टिंग (पुरुष 60 किग्रा): 121 किग्रा स्नैच 

4.मुथुपांडी राजा, वेटलिफ्टिंग (पुरुष 65 किग्रा): कुल 286 किग्रा 

5.ज्ञानेश्वरी यादव, वेटलिफ्टिंग (महिला 53 किग्रा): कुल 199 किग्रा 

6.वल्लुरी अजय बाबू, वेटलिफ्टिंग (पुरुष 79 किग्रा): कुल 330 किग्रा 

7.सर्वेश कुशारे, एथलेटिक्स (पुरुष हाई जंप): 2.25 मीटर

8. मुरली श्रीशंकर (पुरुष लंबी कूद) एथलेटिक्स

9.मोहम्मद बासिल (पुरुष 100 मीटर टी47) पैरा एथलेटिक्स

10.लवप्रीत सिंह (पुरुष 110 किग्रा) भारोत्तोलन

    कांस्य पदक (4)

1.झंडू कुमार, पैरा पावरलिफ्टिंग (पुरुष हैवीवेट): 190 किग्रा 

2.बिंदियारानी देवी, वेटलिफ्टिंग (महिला 58 किग्रा): कुल 199 किग्रा (87 किग्रा स्नैच + 112 किग्रा क्लीन एंड जर्क) 

3.शिल्पा के. शायला, पैरा एथलेटिक्स (महिला शॉट पुट F57)

4.सीमा कालीरामना (डिस्कस थ्रो) एथलेटिक्स