बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) की इंफ्रास्ट्रक्चर कमिटी की बैठक गत एक अगस्त को राजधानी स्थित BCA कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में राज्य में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, स्टेडियमों की तैयारियों एवं आगामी घरेलू सत्र को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि आगामी 11 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होने वाले रणजी मैचों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएंगी। कमिटी द्वारा आश्वासन दिया गया कि सभी स्टेडियमों में पिच, आउटफील्ड, ड्रेनेज सिस्टम, ड्रेसिंग रूम, खिलाड़ियों की सुविधाएं एवं दर्शकों के लिए बुनियादी व्यवस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। साथ ही साथ यह भी जानकारी दी गई कि इस सीजन होने वाले मैचों में दर्शकों पर प्रतिबन्ध रहेगा।
बैठक के उपरांत कमिटी के सदस्यों द्वारा पटना स्थित मोइन-उल-हक स्टेडियम का निरीक्षण किया गया, जहां आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके पश्चात राजगीर क्रिकेट स्टेडियम का भी दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। वहीं राजगीर स्टेडियम निरीक्षण के दौरान निर्णय लिया गया कि सभी स्टेडियमों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा, खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण एवं मैच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा ग्राउंड एवं पिच की गुणवत्ता को BCCI मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। साथ ही कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने का भी निर्णय लिया गया।
कमिटी ने विश्वास व्यक्त किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे, जिससे बिहार आगामी रणजी सत्र की सफल मेजबानी कर सके। बैठक में विष्णु कुमार (चेयरमैन, इंफ्रास्ट्रक्चर कमिटी), कुमार वंश गिरी (कन्वीनर)(वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़े रहे), तारिक इकबाल (सदस्य), एवं बीसीए से जियाउल अर्फीन (सचिव, BCA), मनीष राज (CEO, BCA) शामिल रहे।