नीतीश कुमार का सशक्त प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणास्रोत रही है : संजय सरावगी ‎

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आज जदयू के पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 24, 2026, 7:14:00 PM

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आज जदयू के पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रसन्नता व्यक्त की है।  ‎

‎प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नीतीश कुमार को जदयू के एक बार फिर अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीएम नीतीश कुमार का सशक्त प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रही है।  

‎उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि भविष्य में भी नीतीश कुमार का नेतृत्व प्रदेश एवं देश के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि नीतीश कुमार के जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने से एनडीए और मजबूत होगा और एनडीए नित सफलता की नई ऊँचाइयों को छूएगा।  

‎उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने राजनीतिक अनुभव से न केवल जदयू और एनडीए को मजबूत किया है बल्कि बिहार को अंधेरे से निकालकर सुशासन का पाठ पढ़ाया। आज बिहार उनके नेतृत्व में विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। 

‎बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने विश्वास जताते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में न्याय के साथ विकास की गति और तेज होगी और बिहार विकसित राज्य की श्रेणी में शामिल होगा।  

‎भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने नीतीश कुमार के दीर्घायु होने की ईश्वर से प्रार्थना भी की है।