जीतन राम मांझी की समधन के काफिले पर हमला, विधायक को दी गाली, सुरक्षाकर्मियों से भिड़े लोग, केस दर्ज

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन और बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र से विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमला हुआ है। विधायक ने आरोप लगाया कि उनके काफिले को रास्ते में रोका गया और फिर उनके सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 18, 2026, 11:38:00 AM

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन और बाराचट्टी विधानसभा क्षेत्र से विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमला हुआ है। घटना मोहनपुर प्रखंड की बमुआर पंचायत के गंभीरा गांव के पास की बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि विधायक को रास्ते में रोककर उनके साथ बदसलूकी की गई। साथ ही सुरक्षाकर्मियों ने जब बीच-बचाव किया तो उनके साथ हाथापाई की गई। कुछ उग्र लोग विधायक से यह कहते रहे कि सड़क कब बनेगी?  विधायक ने आरोप लगाया कि पहले उनके काफिले को रास्ते में रोका गया और फिर उनके सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। 

घटना के दौरान विधायक अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में ही बैठी रहीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से विधायक, उनके बॉडीगार्ड और समर्थकों को सुरक्षित वहां से निकाला गया। इस मामले को लेकर मोहनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, बोधगया एसडीपीओ अमित जायसवाल ने कहा कि मामले में गंभीरता से जांच और कार्रवाई की जा रही है। ज्योति देवी ने बताया कि आरोपियों ने उनके सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की। 

रविवार को बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी अपने विधानसभा क्षेत्र के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बुमुआर के गंभीरा गांव में आयोजित अदरकी समाज के एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। बिंदा तक पुलिसकर्मी उनके काफिले के साथ थे। जैसे ही उनका काफिला नदी पार कर गंभीरा की ओर बढ़ा, तभी सामने से आ रही एक सवारी गाड़ी ने रास्ता रोक दिया। विधायक का आरोप है कि सवारी वाहन चालक ने जानबूझकर अपनी गाड़ी सड़क के बीच में खड़ी कर दी, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। इसके बाद विधायक के अंगरक्षक गाड़ी हटाने का अनुरोध करने पहुंचे, लेकिन वाहन में सवार 15 से 20 लोग उनसे उलझ गए और हाथापाई करने लगे। लोग उनकी गाड़ी के शीशे पर भी हाथ मार रहे थे। स्थिति बिगड़ती देख विधायक ने आसपास के ग्रामीणों को फोन कर मदद मांगी। ग्रामीणों के पहुंचने के बाद किसी तरह विधायक और उनके सहयोगियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इस मामले में विधायक ज्योति देवी ने मोहनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मोहनपुर थाना में दर्ज प्राथमिकी में सात लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें पलटु यादव, सुनील यादव, दीपक यादव, सीता यादव, कारू मालाकार, राहुल मालाकार और विक्रम ठाकुर शामिल हैं। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। विधायक ने पुलिस को दिए आवेदन में साफ कहा है कि विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान उनके ऊपर हमला हुआ था। पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी पहले दी गई है। लेकिन हालात नहीं बदले हैं। विधायक ने गाड़ी के अंदर बैठकर उनकी ओर से बनाए गए वीडियो को प्रशासन को साक्ष्य के तौर पर सौंपा है। वहीं दूसरी ओर मामले में कार्रवाई की जा रही है।