इंटर परीक्षा में सख्ती: भागलपुर में छात्राओं के हिजाब उतरवाए गए, वैशाली में चिट के साथ छात्र पकड़ा गया

बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा का आज गुरुवार को तीसरा दिन है। राज्यभर के परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 05, 2026, 9:28:00 AM

बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा का आज गुरुवार को तीसरा दिन है। राज्यभर के परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। आज पहली पाली में फिजिक्स, जबकि दूसरी पाली में भूगोल यानी जियोग्राफी और बिजनेस स्टडीज की परीक्षा आयोजित की गई है।

परीक्षा को कदाचार मुक्त कराने के लिए बोर्ड और जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आया। सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी जांच के बाद ही छात्रों को एंट्री दी गई। जूते पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश पर रोक के कारण कड़ाके की ठंड में भी छात्र-छात्राएं चप्पल पहनकर परीक्षा देने पहुंचे।

वैशाली जिले में चेकिंग के दौरान एक छात्र के पास से चिट बरामद की गई है। छात्र को नकल करते पकड़े जाने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। वहीं भागलपुर में सुरक्षा जांच के दौरान छात्राओं का हिजाब उतरवाने का मामला सामने आया, जिसको लेकर चर्चा तेज है।

पटना के बीएनआर ट्रेनिंग कॉलेज परीक्षा केंद्र पर गेट बंद होने से ठीक पहले परीक्षार्थियों को दौड़कर अंदर जाते देखा गया। पटना और बगहा में घने कोहरे और ठंड के बावजूद छात्राएं चप्पल में परीक्षा देने पहुंचीं।

बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए राज्यभर में कुल 1,762 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में कुल 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिनमें 6 लाख 75 हजार 844 छात्राएं और 6 लाख 42 हजार 002 छात्र शामिल हैं। यह परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी।

बोर्ड की सख्ती का असर भी साफ नजर आ रहा है। परीक्षा के पहले दो दिनों में अब तक कुल 32 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया जा चुका है। पहले दिन 26 परीक्षार्थियों को कदाचार के आरोप में बाहर किया गया, जिनमें सबसे ज्यादा 13 नवादा से थे। वहीं दूसरे दिन 6 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया।

बिहार बोर्ड ने साफ कहा है कि परीक्षा की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।