Bihar Politics: निशांत ने बुलाई जदयू की बड़ी बैठक, श्रवण कुमार क्या बोल रहे ?

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री की पार्टी जेडीयू में हलचल तेज है। लगातार बैठकों का दौर जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को जदयू की अहम बैठक बुलाई गई है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Apr 27, 2026, 1:33:00 PM

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री की पार्टी जेडीयू में हलचल तेज है। लगातार बैठकों का दौर जारी है। रविवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार पहली बार जदयू कार्यालय पहुंचे। अब निशांत कुमार भी यात्रा पर निकलने वाले हैं। जिसको लेकर जदयू विधानमंडल दल के नेता श्रवण कुमार ने जानकारी दी है।  

दरअसल पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार 3 मई से पश्चिम चंपारण से अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे। जिस पर जदयू नेता श्रवण कुमार ने कहा कि निशांत की यह यात्रा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि से शुरू होगी और पूरे बिहार में आयोजित की जाएगी। उन्होंने इसे संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़ने का प्रयास बताया।

वहीं निशांत भी लगातार पूरे बिहार का दौरा करने की बात कहते हैं जहां वह लोगों से मिलेंगे और जमीनी हकीकत का पता लगाएंगे। इस दौरे पर वो नीतीश कुमार के द्वारा किए गए कामों को भी लोगों के बीच रखेंगे। निशांत कहते रहे हैं कि नीतीश कुमार के कामों को आगे बढ़ाना है। 

इधर सोमवार को जदयू की अहम बैठक बुलाई गई है। आज दोपहर 2 बजे पटना स्थित जदयू कार्यालय में यह बैठक होगी।  बैठक की अगुआई निशांत कुमार करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा मौजूद रहेंगे।  इसके अलावे बैठक में कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।  बताया जा रहा है निशांत की बिहार यात्रा को लेकर इस बैठक में मंथन होगा।  ऐसे में बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।  

बता दें कि रविवार को जदयू कार्यालय में दानवीर भामाशाह जयंती समारोह का आयोजन किया गया है, जिसमें भाग लेने के लिए नीतीश कुमार पार्टी दफ्तर पहुंचे।  जहां उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने जेडीयू कार्यालय का निरीक्षण भी किया, व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पार्टी नेताओं से बातचीत की। इस दौरान 'भारत का नेता कैसा हो, नीतीश कुमार जैसा हो' के नारे गूंजते रहे। इसके साथ ही 'जय नीतीश, जय निशांत' के नारे भी कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए।