बिहार MLC चुनाव : 8 सीटों पर वोटिंग शुरू, शाम चार बजे तक होगा मतदान

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए आज शुक्रवार को मतदान हो रहा है। संबंधित क्षेत्रों के 933 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक वोटिंग होगी। कुल मिलाकर 150 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

पटना : बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए आज शुक्रवार को मतदान हो रहा है। संबंधित क्षेत्रों के 933 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक वोटिंग होगी। कुल मिलाकर 150 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जिनके भाग्य का फैसला पांच लाख से अधिक मतदाता करेंगे। इसके लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सीधी टकराव के कारण चुनाव सबसे रोचक बन गया है जिस पर सबकी निगाहें टिकी हैं। मतदान के लिए संबंधित क्षेत्रों के कर्मियों को आकस्मिक अवकाश दिया गया है।

5 लाख 32 हजार 847 मतदाता आठों सीट पर उम्मीदवारों की जीत-हार तय करने वाले हैं

विधान परिषद चुनाव 2026 में पांच लाख 32 हजार 847 मतदाता आठों सीट पर उम्मीदवारों की जीत-हार तय करने वाले हैं। आठ में से चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4,92,594 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 3,55,522 पुरुष, 1,37,038 महिला एवं 34 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। कोसी स्नातक सीट के लिए 1,34,072, तिरहुत के लिए 1,43,988, दरभंगा के लिए 1,26,951 एवं पटना के लिए 87,583 मतदाता हैं। वहीं, चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों पर कुल 40,253 मतदाता उम्मीदवारों का भाग्य तय करेंगे। इनमें 30,677 पुरुष, 9573 महिला एवं 3 थर्ड जेंडर हैं। इसके तहत तिरहुत सीट के लिए 8760, दरभंगा सीट के लिए 9026, पटना सीट के लिए 11,719 एवं सारण सीट के लिए 10,748, मतदाता हैं।