'MLC चुनाव में भी फर्जी वोट जुड़वा कर हेरफेर करना चाहते हैं' तेजस्वी यादव बोले-अब बेईमानी और ठगी का अंत होगा

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान जारी है। वोटिंग के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने बीजेपी पर एमएलसी चुनाव में भी फ़र्जी वोट जुड़वा कर हेरफेर का आरोप लगाया।

बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान जारी है।  स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों के लिए  सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू है, जो शाम चार बजे तक चलेगा। इन सीटों पर 5,32,847 मतदाता 150 कैंडिडेट की किस्मत का फैसला करेंगे। सभी सीटों पर एनडीए और महागठबंधन के उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। हालांकि प्रशांत किशोर की जन सुराज भी दावेदारी पेश कर रही है। वोटिंग के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाया है।  उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि 4 शिक्षक तथा 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भी फ़र्जी वोट जुड़वा कर हेर-फेर करना चाहते हैं। इनकी बेईमानी और ठगी का अंत होगा क्योंकि जनता अब लोकतंत्र के इन हत्यारों की ठगी और डकैती समझ चुकी है।

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-भाजपाई वोट चोरों को वोट चोरी की ऐसी लत लग चुकी है कि अब ये बिहार में हो रहे 4 शिक्षक तथा 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भी फ़र्जी वोट जुड़वा कर हेर-फेर करना चाहते है।

16 जिलों में फैले 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल मात्र 40,253 मतदाता है लेकिन उसमें में भी इन्होंने फर्जी मतदाता जुड़वा दिए। इनकी बेईमानी और ठगी का अंत होगा क्योंकि जनता अब लोकतंत्र के इन हत्यारों की ठगी और डकैती समझ चुकी है।

चुनाव आयोग और वोट चोरी की बैसाखी के सहारे सत्ता में बैठे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह जी की चालाकियां देश पहचान चुका है। शिक्षक तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में फ़र्जी मतदाता जोड़ने की कहानी आप भी पढ़िये। दरअसल तेजस्वी यादव ने एक अख़बार का आर्टिकल शेयर किया है। जिसके आधार पर उन्होंने एमएलसी चुनाव में भी हेराफेरी का आरोप लगाया है।