बिहार में कैबिनेट विस्तार की डेट फाइनल हो गई है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 7 मई को कैबिनेट विस्तार समारोह का आयोजन होगा। सम्राट चौधरी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए गांधी मैदान में जोर-शोर से तैयारी जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में नए मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
दरअसल वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए गांधी मैदान में युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। यह पहली बार होगा जब बिहार में किसी राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार समारोह में प्रधानमंत्री स्वयं शिरकत करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। साथ ही विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी इस बड़े आयोजन में मौजूद रहेंगे।
वहीं सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल में कई नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ संगठन में सक्रिय नेताओं को भी मौका दिए जाने पर चर्चा चल रही है। बताया जा रहा है कि जदयू और भाजपा के मंत्रियों की संख्या लगभग समान रखी जाएगी। साथ ही कुछ पूर्व मंत्रियों के विभागों में बदलाव की भी संभावना है।
बता दें कि बिहार में कैबिनेट विस्तार को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सम्राट चौधरी कैबिनेट में फेरबदल की तैयारी है। JDU ने अनुभवी और वफादार नेताओं पर दांव लगाया है। नीतीश कुमार के करीबी चेहरे फिर मंत्री बन सकते हैं। श्रवण कुमार, अशोक चौधरी और लेसी सिंह के नाम की चर्चा है। मदन सहनी, जमा खां और सुनील कुमार के नाम लगभग तय है। सामाजिक संतुलन साधने के लिए नए चेहरों को भी मौका मिल सकता है शीला मंडल, रत्नेश सदा और बुलो मंडल पर चर्चा तेज है।
BJP भी युवाओं और दिग्गजों का कॉम्बिनेशन तैयार कर रही है। मंगल पांडेय, रामकृपाल यादव और दिलीप जायसवाल रेस में आगे है। खेल जगत से आई श्रेयसी सिंह को भी मौका मिल सकता है। चिराग पासवान की पार्टी LJP (R) से संजय सिंह और संजय पासवान के नाम चर्चा में हैं। जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा से संतोष सुमन का मंत्री बनना तय है। वहीं, उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा की ओर से दीपक प्रकाश को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है।
जेडीयू कोटे के संभावित मंत्रियों की लिस्ट
श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, सुनील कुमार, मदन सहनी, लेसी सिंह, जमा खां, शीला मंडल, रत्नेश सदा, बुलो मंडल, श्वेता गुप्ता या ललन सर्राफ, जयंत राज या भगवान सिंह कुशवाहा
बीजेपी मंत्रियों की संभावित लिस्ट
विजय कुमार सिन्हा, रामकृपाल यादव, मंगल पाण्डेय, अरूण शंकर प्रसाद, दिलीप जायसवाल, श्रेयसी सिंह, लखेंद्र पासवान, संगीता कुमारी, संजय सिंह टाईगर, रमा निषाद, प्रमोद कुमार चंद्रवंशी
चिराग पासवान की पार्टी LJP (R)-संजय सिंह, संजय पासवान
हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा से संतोष सुमन और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा की ओर से दीपक प्रकाश को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है।