मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में हुआ, जहां निशांत कुमार, विजय सिन्हा समेत 32 मंत्रियों ने शपथ ली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नई टीम में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ अनुभव और नए चेहरों का भी समावेश देखने को मिला है। भाजपा और जदयू ने मिलकर समाज के हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है। वहीं क्षेत्रीय आकांक्षाओं का भी पूरा ख्याल रखा गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नई टीम में सीमांचल से लेकर शाहाबाद और मिथिलांचल तक को साधा गया है।
क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए इस बार कैबिनेट विस्तार में मिथिलांचल और चंपारण पर विशेष जोर दिया गया है। मंत्रिमंडल में मिथिलांचल का दबदबा देखने को मिला है। नीतीश मिश्रा, अरुण शंकर प्रसाद और श्वेता गुप्ता जैसे चेहरों को जगह देकर इस क्षेत्र के ब्राह्मण और वैश्य वोट बैंक को मजबूत किया गया है। सीमांचल और कोसी क्षेत्र से दिलीप जायसवाल (पूर्णिया) और लेसी सिंह (धमदाहा) का कद बरकरार रखकर एनडीए ने यहां अपनी पैठ और गहरी की है। मधेपुरा से बुलो मंडल को मंत्री बना 'अंग' और 'कोसी' क्षेत्र में अति पिछड़ों पर बड़ा दांव खेला गया है।
वहीं शाहाबाद क्षेत्र से जमा खान और संजय टाइगर जैसे नेताओं के जरिए अल्पसंख्यक और राजपूत समीकरण को साधने का प्रयास किया गया है। मगध से संतोष कुमार सुमन (गया) को फिर से मंत्री बनाकर दलित और महादलितों के बीच अपनी पकड़ मजबूत रखी गई है। जबकि पश्चिमी चंपारण के नंद किशोर राम और सीतामढ़ी/शिवहर क्षेत्र से श्वेता गुप्ता को मौका देकर तिरहुत प्रमंडल में एनडीए ने विस्तार का संकेत दिया है।
सम्राट कैबिनेट के मंत्रियों की लिस्ट और उसकी जाति
विजय कुमार सिन्हा-भूमिहार, सवर्ण/बीजेपी
श्रवण कुमार-कुर्मी, पिछड़ा/जेडीयू
दिलीप जायसवाल-कलवार, वैश्य, पिछड़ा/बीजेपी
निशांत कुमार-कुर्मी, पिछड़ा/जेडीयू
रामकृपाल यादव-यादव, पिछड़ा/बीजेपी
मदन सहनी-मल्लाह, अति पिछड़ा/जेडीयू
मिथिलेश तिवारी-ब्राह्मण, सवर्ण/बीजेपी
लेसी सिंह-राजपूत, सवर्ण/जेडीयू
रमा निषाद-मल्लाह, अति पिछड़ा/बीजेपी
दामोदर रावत-धानुक, अति पिछड़ा/जेडीयू
केदार गुप्ता-कानू, वैश्य, अतिपिछड़ा/बीजेपी
भगवान सिंह कुशवाहा-कुशवाहा, पिछड़ा/जेडीयू
नीतीश मिश्रा-ब्राह्मण, सवर्ण/बीजेपी
बुलो मंडल-गंगोता, अति पिछड़ा/जेडीयू
प्रमोद चंद्रवंशी -चंद्रवंशी, अति पिछड़ा/बीजेपी
श्वेता गुप्ता-सूड़ी, वैश्य, पिछड़ा/जेडीयू
लखेंद्र पासवान-पासवान, दलित/बीजेपी
सुनील कुमार-रविदास, दलित/जेडीयू
संजय टाइगर-राजपूत, सवर्ण/बीजेपी
शीला मंडल-धानुक, अति पिछड़ा/जेडीयू
ई कुमार शैलेन्द्र-भूमिहार, सवर्ण/बीजेपी
रत्नेश सदा-मुसहर, दलित/जेडीयू
अरुण शंकर प्रसाद-सूड़ी, वैश्य, पिछड़ा/बीजेपी
जमा खान-मुस्लिम/जेडीयू
रामचंद्र प्रसाद-तेली, अति पिछड़ा/बीजेपी
अशोक चौधरी-पासी, दलित/जेडीयू
नंद किशोर राम-रविदास, दलित/बीजेपी
संजय पासवान-पासवान, दलित/एलजेपीआर
श्रेयसी सिंह-राजपूत, सवर्ण/बीजेपी
संजय सिंह-राजपूत, सवर्ण/एलजेपीआर
संतोष कुमार सुमन-मुसहर, दलित/हम
दीपक प्रकाश-कुशवाहा, पिछड़ा/आरएलएम
बता दें कि पटना के गांधी मैदान में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में निशांत कुमार समेत कुल 32 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पहली बार मंत्री बने हैं। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी के साथ कई बड़े नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। भाजपा कोटे से 15 नेताओं को मंत्री बनाया गया, जबकि जेडीयू के खाते में 13 मंत्री गए। इसके अलावा लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) से 2 नेताओं को मंत्री पद मिला है। वहीं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा से 1 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से 1 नेता को मंत्री बनाया गया है।