पश्चिम बंगाल विधानसभा की 293 सीटों पर मतगणना जारी है, जबकि फालता सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया जाएगा। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी स्पष्ट बढ़त बनाती नजर आ रही है और बहुमत के आंकड़े को पार करती दिख रही है।
अब तक के ट्रेंड्स के अनुसार भाजपा करीब 194 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस लगभग 88 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। जीत के शुरुआती आंकड़ों में भाजपा ने आधा दर्जन सीटों पर सफलता हासिल कर ली है, वहीं टीएमसी के खाते में भी एक सीट आई है।
भाजपा जिन सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, उनमें कलिम्पोंग, दार्जिलिंग, मेदिनीपुर, मांटेश्वर, भातर, जमुरिया और आसनसोल दक्षिण शामिल हैं। इन नतीजों से राज्य में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते दिख रहे हैं।
इस बीच, हाई-प्रोफाइल भवानीपुर सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बढ़त बनाए हुए हैं। वह भाजपा के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी से लगभग 7 हजार वोटों से आगे चल रही हैं। मतगणना केंद्र पर दोनों नेताओं की मौजूदगी के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
राज्य भर में मतगणना की प्रक्रिया जारी है और अंतिम नतीजों का इंतजार किया जा रहा है, जो बंगाल की सियासत की दिशा तय करेंगे।