चांडिल में मां की ममता हुई शर्मसार, 4 साल की बेटी की हत्या कर फरार हुई महिला

चांडिल में मां की ममता हुई शर्मसार, 4 साल की बेटी की हत्या कर फरार हुई महिला

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 24, 2026, 1:48:00 PM

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला पर अपनी ही चार वर्षीय बेटी की हत्या का आरोप लगा है। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। मामला चांडिल थाना क्षेत्र के घोड़ानेगी स्थित जगजीवन कॉलोनी का बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला लक्ष्मी कुमारी ने अपनी बेटी रिद्धि कुमारी लोहार की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने सबूत छिपाने की नीयत से घर के पीछे गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। इसके बाद उसने बच्ची के गायब होने की कहानी गढ़कर परिजनों और पड़ोसियों को भ्रमित करने की कोशिश की।

घटना के समय बच्ची का पिता सोनाराम लोहार घर पर मौजूद नहीं था, जबकि नाना-नानी भी बाहर गए हुए थे। जब शाम के समय परिवार के सदस्य लौटे, तो बच्ची घर में नहीं मिली। पूछताछ करने पर मां ने अनभिज्ञता जताई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों के साथ बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन शुरुआती प्रयासों में कोई सफलता नहीं मिली।

इस बीच, जब परिवार के सदस्य थाना में शिकायत दर्ज कराने गए, तो पुलिस की सक्रियता से घबराकर आरोपी महिला ने कथित तौर पर दफनाए गए शव को बाहर निकालकर आंगन में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गई। देर रात जब परिजन घर लौटे, तो आंगन में बच्ची का शव देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

अगली सुबह स्थानीय लोगों ने महिला को घर से कुछ दूरी पर स्थित एक ईंट भट्ठे के पास पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ के मुताबिक, पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और शुरुआती जांच में महिला द्वारा अपराध स्वीकार करने की बात सामने आई है।

जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली है कि करीब दो सप्ताह पहले भी महिला ने बच्ची को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी। उस समय परिवार के हस्तक्षेप से मामला टल गया था। फिलहाल पुलिस इस जघन्य वारदात के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा और भय का माहौल बना हुआ है।