ईचागढ़ : अंधविश्वास की आड़ में अपहरण के बाद ‘बलि’ देने की कोशिश, इलाके में दहशत

ईचागढ़ : अंधविश्वास की आड़ में अपहरण के बाद ‘बलि’ देने की कोशिश, इलाके में दहशत

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 25, 2026, 5:47:00 PM

सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत हुंडी गांव में अंधविश्वास से जुड़ी एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। आरोप है कि रविवार शाम गांव के ही एक व्यक्ति ने पारिवारिक अशांति दूर करने के नाम पर अपने रिश्तेदार का अपहरण कर उसकी बलि देने का प्रयास किया।

मिली जानकारी के अनुसार, हुंडी निवासी हितेश महतो पर आरोप है कि उसने अपने परिजन श्रीकांत महतो को घर से जबरन उठा लिया। बताया जा रहा है कि हितेश का मानना था कि उसके परिवार में चल रही समस्याओं का समाधान मानव बलि से संभव है, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।

घटना के दौरान शोर-शराबा होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे स्थिति बिगड़ गई। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर श्रीकांत महतो किसी तरह आरोपियों के कब्जे से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इस घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित पक्ष की ओर से श्रीकांत के बेटे दिलीप महतो ने ईचागढ़ थाना और चांडिल अनुमंडल प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की गंभीरता से जांच की मांग की है। शिकायत में अपहरण और हत्या के प्रयास की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

हालांकि, पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, पीड़ित परिवार ने सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन से सहायता की अपील की है।