रांची में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से महिला पुलिसकर्मी की मौत, चालक फरार

रांची में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से महिला पुलिसकर्मी की मौत, चालक फरार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 01, 2026, 12:48:00 PM

राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ड्यूटी पर जा रही एक महिला पुलिसकर्मी की जान चली गई। घटना फुटकलटोली स्थित एक राइस मिल के पास की है, जहां तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला पुलिसकर्मी रोज की तरह अपनी स्कूटी से ड्यूटी के लिए निकली थीं। जैसे ही वह उक्त स्थान के पास पहुंचीं, पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरीं और उनके सिर में गंभीर चोट लगी।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सहायता पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन अधिक खून बहने के कारण महिला पुलिसकर्मी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।