मांडर टोल प्लाजा पर बारातियों ने टोल कर्मियों पर किया हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

मांडर टोल प्लाजा पर बारातियों ने टोल कर्मियों पर किया हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 14, 2026, 11:23:00 AM

रांची जिले के मांडर स्थित टोल प्लाजा पर सोमवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बारात में शामिल दर्जनों लोगों ने अचानक हमला कर दिया। करीब 50 से 60 लोगों की भीड़ ने टोल प्लाजा के मैनेजर और कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिससे कई लोग घायल हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

बताया जा रहा है कि बारात में शामिल लोग निर्धारित मार्ग का पालन किए बिना दूसरे रास्ते से निकलने की कोशिश कर रहे थे। यह रास्ता आमतौर पर दोपहिया और ऑटो के लिए निर्धारित होता है। ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई।

आरोप है कि गुस्साए बारातियों ने टोल कर्मियों को निशाना बनाते हुए उनके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया। घटना में आधा दर्जन से अधिक कर्मी घायल हुए हैं। इतना ही नहीं, महिला कर्मचारियों के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की गई। कुछ उपद्रवियों ने टोल प्लाजा पर पत्थरबाजी भी की, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, टोल प्रबंधन की ओर से मांडर थाना में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान की जा रही है।

इस संबंध में रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने पुष्टि करते हुए कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।