रामनवमी की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री से विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने की मुलाक़ात, शोभायात्रा में शामिल होने का दिया आमंत्रण

रामनवमी की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री से विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने की मुलाक़ात, शोभायात्रा में शामिल होने का दिया आमंत्रण

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 25, 2026, 4:06:00 PM

रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में बुधवार को रामनवमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने उन्हें 27 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा में परिवार सहित शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण सौंपा।

मुख्यमंत्री ने इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए सभी को आगामी पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रामनवमी जैसे धार्मिक आयोजनों को आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांति के साथ मनाना बेहद आवश्यक है। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और आयोजन समितियों से अपील की कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि पर सख्त नजर रखी जाए, ताकि उत्सव निर्विघ्न संपन्न हो सके।

बैठक में शहर की विभिन्न रामनवमी समितियों और महावीर मंडल से जुड़े पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इनमें श्री महावीर मंडल डोरंडा के पूर्व अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, महावीर मंडल महानगर समिति के अध्यक्ष कुणाल अजमानी, संरक्षक पवन बजाज, प्रवक्ता बादल सिंह, श्री महावीर मंडल केंद्रीय समिति के अध्यक्ष सागर वर्मा, मंत्री नितेश यादव, पूर्व अध्यक्ष जयसिंह यादव, पूर्व मंत्री सतीश यादव, श्री रामनवमी श्रृंगार समिति, महावीर चौक के अध्यक्ष बबलू यादव, मंत्री अजय वर्मा, मुख्य संयोजक शंकर सिंह, मुख्य संरक्षक रिंकू वर्मा, श्री श्री महावीर मंडल तपोवन मंदिर निवारणपुर के अध्यक्ष सुशील दुबे, सचिव राजीव रंजन, सह सचिव अभिषेक सिंह, डोरंडा महावीर मंडल समिति पंचमुखी के मुख्य संरक्षक संजीत यादव तथा केंद्रीय शांति समिति के सदस्य सागर कुमार शामिल थे। 

इस अवसर पर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन सहित प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित थे, जिन्होंने आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर अपनी तैयारियों की जानकारी दी।