जैक बोर्ड रिजल्ट का इंतजार खत्म, अप्रैल के तीसरे सप्ताह में आयेंगे नतीजे

जैक बोर्ड रिजल्ट का इंतजार खत्म, अप्रैल के तीसरे सप्ताह में आयेंगे नतीजे

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 11, 2026, 5:00:00 PM

झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने राज्य में आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम जारी करने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है। बोर्ड सूत्रों के अनुसार, परिणाम अप्रैल के तीसरे सप्ताह में घोषित किए जाएंगे। अनुमान है कि 15 से 20 अप्रैल के बीच छात्रों का इंतजार खत्म हो सकता है।

बोर्ड के सचिव जयंत कुमार मिश्र ने जानकारी दी है कि परिणाम जारी करने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। सबसे पहले दसवीं कक्षा के साथ इंटरमीडिएट के विज्ञान और वाणिज्य संकाय के नतीजे घोषित होंगे, जबकि कला संकाय के परिणाम कुछ दिनों बाद जारी किए जा सकते हैं। इसके अलावा, कक्षा 9वीं और 11वीं के परीक्षा परिणाम 15 अप्रैल तक प्रकाशित करने की योजना है।

छात्र अपने परिणाम झारखंड बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे। साथ ही, डिजिटल प्लेटफॉर्म डिजीलॉकर के माध्यम से भी मार्कशीट उपलब्ध कराई जाएगी। बोर्ड ने मूल्यांकन कार्य को कई स्तरों पर जांच के साथ पूरा किया है, जिससे परिणामों की सटीकता सुनिश्चित की जा सके।

इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 3 फरवरी से 23 फरवरी के बीच आयोजित की गई थीं, जिनमें कुल लगभग 7.48 लाख परीक्षार्थियों ने भाग लिया। इनमें से करीब 4.23 लाख छात्र मैट्रिक परीक्षा में शामिल हुए, जबकि इंटरमीडिएट में 3.24 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें तीनों संकाय; विज्ञान, वाणिज्य और कला के छात्र शामिल थे।

गौरतलब है कि झारखंड बोर्ड इस बार केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से पहले अपने परिणाम घोषित करने की तैयारी में है। हालांकि, बिहार बोर्ड पहले ही अपने परीक्षा परिणाम जारी कर चुका है। अब राज्य के लाखों विद्यार्थियों की नजरें जैक बोर्ड के नतीजों पर टिकी हुई हैं।