झारखंड में 40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, 15 मार्च से बारिश और वज्रपात का अलर्ट

झारखंड में 40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, 15 मार्च से बारिश और वज्रपात का अलर्ट

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 14, 2026, 2:40:00 PM

झारखंड में मार्च के मध्य में ही मौसम तेजी से करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल राज्य में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा, लेकिन आने वाले कुछ दिनों में बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 14 मार्च को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहने की संभावना है। हालांकि उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ क्षेत्रों में गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है, जहां हीट वेव जैसी परिस्थितियां बनने की आशंका जताई गई है।

विभाग के अनुसार 15 मार्च से मौसम में धीरे-धीरे बदलाव शुरू होगा। उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर अन्य जिलों में आंशिक बादल छाने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग का कहना है कि 16 और 17 मार्च को भी यही स्थिति जारी रह सकती है। इन दिनों राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवा और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी 15 मार्च से मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं, जहां बादल छाने के साथ बारिश की संभावना है।

इधर, राज्य में तापमान भी सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार झारखंड के कई शहरों में अधिकतम तापमान औसत से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया है। पिछले 24 घंटों में रांची का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 3.8 डिग्री ज्यादा है, जबकि न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री दर्ज किया गया।

औद्योगिक शहर जमशेदपुर में गर्मी का असर ज्यादा महसूस किया गया, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह डाल्टनगंज में भी पारा 39 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से लगभग 5.8 डिग्री ज्यादा है, जबकि न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री रहा।

बोकारो में अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री और न्यूनतम 17.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से करीब 4.6 डिग्री अधिक है। वहीं चाईबासा में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम 19.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री ज्यादा है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सबसे ज्यादा तापमान सरायकेला में 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 13.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर लोगों के दैनिक जीवन पर भी पड़ सकता है, इसलिए सावधानी बरतने की जरूरत है।