SIR को लेकर BJP प्रदेश कार्यालय में हाई लेवल मीटिंग

SIR को लेकर BJP प्रदेश कार्यालय में हाई लेवल मीटिंग

रांची स्थित झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान को केंद्र में रखकर व्यापक चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त बूथ लेवल एजेंट-1 (BLA-1) शामिल हुए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए संगठनात्मक रणनीति तैयार करना और बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता को मजबूत करना रहा। इस दौरान पार्टी नेतृत्व ने जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे पदाधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

बैठक में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, सांसद बीडी राम, सांसद ढुल्लू महतो सहित कई वरिष्ठ सांसदों, विधायकों और पूर्व विधायकों की मौजूदगी रही। बड़ी संख्या में शीर्ष नेताओं की भागीदारी को देखते हुए इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों, मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न पहलुओं और बूथ प्रबंधन को लेकर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने पर विशेष जोर दिया।

प्रदेश कार्यालय में सुबह से ही नेताओं और कार्यकर्ताओं की लगातार आवाजाही बनी रही। भाजपा नेतृत्व का फोकस SIR अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए संगठन के सभी स्तरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर रहा।