हजारीबाग में सुरक्षा चाक-चौबंद करने की कवायद, त्योहारों से पहले डीजीपी करेंगी जुलूस मार्गों का निरीक्षण

हजारीबाग में सुरक्षा चाक-चौबंद करने की कवायद, त्योहारों से पहले डीजीपी करेंगी जुलूस मार्गों का निरीक्षण

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 18, 2026, 1:12:00 PM

आगामी त्योहारों के मद्देनजर हजारीबाग में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने सक्रिय तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्रा शहर के प्रमुख पारंपरिक जुलूस मार्गों का स्थल निरीक्षण करेंगी। इस दौरान उनका फोकस संभावित भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा करना होगा।

डीजीपी स्वयं मैदान में उतरकर रूट का जायजा लेंगी, ताकि किसी भी तरह की चूक की संभावना को पहले ही खत्म किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उन स्थानों की पहचान की जाएगी, जहां अतिरिक्त सुरक्षा बल की जरूरत पड़ सकती है।

इसके अलावा, जुलूस मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता और उनकी कंट्रोल रूम से सीधी कनेक्टिविटी की भी जांच की जाएगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरों के इस्तेमाल पर भी विशेष चर्चा होगी।

निरीक्षण के बाद डीजीपी जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगी। इस बैठक में समन्वय तंत्र को मजबूत करने और त्वरित प्रतिक्रिया देने वाली टीमों की तैयारी का आकलन भी किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।