रांची : मधुकम से चार नाबालिग एक साथ लापता, जांच में जुटी पुलिस

रांची : मधुकम से चार नाबालिग एक साथ लापता, जांच में जुटी पुलिस

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 28, 2026, 4:05:00 PM

राजधानी के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब मधुकम रोड नंबर-05 से चार बच्चों के एक साथ गायब होने की सूचना सामने आई। घटना के बाद से इलाके में चिंता और दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की शाम चारों बच्चे घर से टहलने या खेलने की बात कहे बिना ही बाहर निकल गए थे। शुरुआत में परिजनों को लगा कि वे रोज की तरह कुछ देर में लौट आएंगे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की बेचैनी बढ़ गई।

रात गहराने के साथ ही परिवार वालों ने अपने स्तर पर खोजबीन शुरू की। आसपास के मोहल्लों, दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां पूछताछ की गई, लेकिन बच्चों का कोई पता नहीं चला। काफी प्रयासों के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने तत्काल सुखदेवनगर थाने में सूचना दी।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और बच्चों को जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढने का प्रयास जारी है।

इधर, परिजनों ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। यदि किसी को बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तुरंत मोबाइल नंबर 9431788800 पर संपर्क करने का अनुरोध किया गया है।