धनबाद में डिप्टी मेयर की कुर्सी पर सियासी जंग, 18 मार्च को होगा फैसला

धनबाद में डिप्टी मेयर की कुर्सी पर सियासी जंग, 18 मार्च को होगा फैसला

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 05, 2026, 2:34:00 PM

धनबाद नगर निगम में डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। 18 मार्च को होने वाले इस चुनाव से पहले संभावित उम्मीदवार पार्षदों से लगातार संपर्क साध रहे हैं और समर्थन जुटाने की कोशिशों में लगे हुए हैं। निगम परिसर और शहर की राजनीतिक गलियारों में बैठकों और आपसी बातचीत का दौर जारी है, जिससे चुनावी माहौल धीरे-धीरे गर्म होता नजर आ रहा है।

डिप्टी मेयर का चयन नगर निगम के पार्षदों के बीच से ही किया जाना है। ऐसे में दावेदार पार्षद अपने साथियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में उतरते हैं तो चुनाव गुप्त मतदान के जरिए कराया जा सकता है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।

इस बीच कुछ नाम संभावित दावेदारों के तौर पर चर्चा में बने हुए हैं। इनमें वार्ड संख्या 22 की पार्षद सुमन सिंह, वार्ड 33 की पार्षद मेनका सिंह और वार्ड 26 के पार्षद विकास रंजन प्रमुख रूप से शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी पार्षद ने आधिकारिक रूप से अपनी उम्मीदवारी का ऐलान नहीं किया है, लेकिन पार्षदों के बीच बढ़ती गतिविधियों ने चुनाव को लेकर उत्सुकता और सस्पेंस दोनों बढ़ा दिए हैं।