सिमडेगा जिले में दर्ज एक ठगी के मामले में फरार चल रही महिला आरोपी के खिलाफ पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई की है। अदालत के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के निवास स्थान पर जाकर सार्वजनिक रूप से इस्तेहार चिपकाया और उसे निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया।
यह कार्रवाई सिमडेगा थाना में दर्ज कांड संख्या 81/25 से जुड़ी है। मामले में नामजद आरोपी प्रीति कुमारी, जो रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बीटी रोड भुइयां टोली की रहने वाली है, लंबे समय से फरार बताई जा रही है। न्यायालय के निर्देश के बाद पुलिस ने उसके घर पर नोटिस चस्पा कर उसे कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कोर्ट में पेश होने के लिए कहा है।
इस कार्रवाई के दौरान सिमडेगा और रांची पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। टीम में सिमडेगा थाना के एएसआई अक्षयवर राम के साथ रांची कोतवाली थाना के एसआई लाल बिहारी पांडे और एएसआई शांति कुमारी शामिल थे। पुलिस ने विधिवत प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी के घर पर इस्तेहार लगाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि आरोपी तय समय के भीतर न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होती है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार अगली कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है और कानून से बचने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।