लापता अदिति की तलाश में रांची पुलिस का बड़ा कदम, सुराग देने वाले को मिलेगा ₹1 लाख का इनाम

लापता अदिति की तलाश में रांची पुलिस का बड़ा कदम, सुराग देने वाले को मिलेगा ₹1 लाख का इनाम

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jun 17, 2026, 11:15:00 AM

रांची में डेढ़ वर्षीय बच्ची अदिति पांडेय के लापता होने के मामले में पुलिस ने आम लोगों से सहयोग की अपील करते हुए महत्वपूर्ण घोषणा की है। बच्ची के बारे में ठोस जानकारी उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर संभावित सुराग की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 18 महीने की अदिति पांडेय सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित खोरहा टोली इलाके से रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई थी। घटना के बाद से परिजन गहरे सदमे में हैं और लगातार बच्ची की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।

रांची पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को बच्ची से संबंधित कोई भी जानकारी प्राप्त होती है, तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी संकोच के आगे आकर सहयोग कर सकें।

पुलिस ने कहा है कि अदिति के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर निकटतम थाना या निर्धारित अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए 9431706136, 9431706137, सदर डीएसपी का नंबर 9431102090 तथा सदर थाना प्रभारी का नंबर 9431706160 जारी किया गया है।

पुलिस को उम्मीद है कि जनता के सहयोग से बच्ची का जल्द पता लगाया जा सकेगा और मामले की गुत्थी सुलझाने में मदद मिलेगी।