झारखंड में गर्मी का प्रकोप, 40 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

झारखंड में गर्मी का प्रकोप, 40 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 14, 2026, 2:10:00 PM

झारखंड में गर्मी ने धीरे-धीरे अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा आकलन के अनुसार राज्य के अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य के करीब या उससे थोड़ा अधिक दर्ज किया जा रहा है। बीते दिनों से बारिश का सिलसिला थम गया है, जिससे गर्मी का असर और तेज होता नजर आ रहा है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और आसपास के मध्य क्षेत्रों में लू चलने की आशंका है। इस स्थिति का प्रभाव पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां जैसे जिलों में देखने को मिल सकता है। वहीं संथाल परगना क्षेत्र में हल्की और छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अगले दिन यानी 18 अप्रैल को कोल्हान और दक्षिणी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ वज्रपात भी हो सकता है।

राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से मामूली रूप से कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से लगभग 2.8 डिग्री नीचे है।

दूसरी ओर, औद्योगिक शहर जमशेदपुर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 39.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। चाईबासा में भी तापमान 39.4 डिग्री दर्ज किया गया। डाल्टनगंज में 38.8 डिग्री और बोकारो में 37.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में हल्के बदलाव देखे गए हैं। रांची में अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री और जमशेदपुर में 0.6 डिग्री की वृद्धि हुई, जबकि डाल्टनगंज और बोकारो में मामूली गिरावट दर्ज की गई।

न्यूनतम तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो गुमला राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा 14.4 डिग्री सेल्सियस तक गिरा। वहीं जमशेदपुर और चाईबासा में न्यूनतम तापमान क्रमशः 22.9 और 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटों में राज्य के किसी भी हिस्से में वर्षा नहीं हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी के और तीव्र होने की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को बढ़ते तापमान को देखते हुए सावधानी बरतने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।