त्योहारों को लेकर अलर्ट मोड में झारखंड, 24 जिलों में 5200 से ज्यादा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

त्योहारों को लेकर अलर्ट मोड में झारखंड, 24 जिलों में 5200 से ज्यादा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 20, 2026, 11:24:00 AM

ईद-उल-फितर और सरहुल के मद्देनजर झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय ने व्यापक कदम उठाए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पूरे राज्य में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पुलिस महानिदेशक (DGP) के निर्देश पर राज्य के सभी 24 जिलों में कुल 5218 अतिरिक्त जवानों को लगाया गया है। यह विशेष व्यवस्था 19 मार्च से 21 मार्च तक लागू रहेगी। अधिकारियों के अनुसार, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले शहरी इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जहां सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ाई गई है।

शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए विभिन्न इकाइयों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने जिला स्तर पर प्रशासन को सतर्क रहने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

अगर जिलावार तैनाती की बात करें तो राजधानी रांची में सबसे अधिक 840 अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा हजारीबाग में 510, गिरिडीह में 358, जमशेदपुर में 260 और बोकारो में 231 अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। दुमका और साहिबगंज में भी क्रमशः 231 और 230 जवानों की तैनाती की गई है।

अन्य जिलों में भी सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बल भेजे गए हैं। इनमें देवघर (180), धनबाद (209), पलामू (185), गोड्डा (165), जामताड़ा (156), चाईबासा (159), सरायकेला (129), गढ़वा (129), पाकुड़ (129), रामगढ़ (135), लातेहार (138), कोडरमा (108), सिमडेगा (111), चतरा (150), खूंटी (150), लोहरदगा (250) और गुमला (75) शामिल हैं।

प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान शांति और भाईचारा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस बलों को संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात कर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम लोगों को सुरक्षित माहौल में पर्व मनाने का अवसर मिल सके।