झारखंड में नशे के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान शुरू, मुख्यमंत्री ने जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी

झारखंड में नशे के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान शुरू, मुख्यमंत्री ने जागरूकता रथों को दिखाई हरी झंडी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jun 15, 2026, 6:40:00 PM

झारखंड को नशामुक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने सोमवार को एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड मंत्रालय परिसर से विशेष प्रचार-प्रसार वाहनों को रवाना कर इस राज्यव्यापी पहल का शुभारंभ किया। ये वाहन विभिन्न जिलों में पहुंचकर लोगों को मादक पदार्थों के सेवन, तस्करी और उनके दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देंगे।

सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विशेष रूप से युवाओं को इसकी गिरफ्त में आने से बचाना है। अभियान के तहत गांवों, कस्बों और शहरों में जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि नशीले और प्रतिबंधित पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस दिशा में चल रहे प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के जीवन के हर पहलू को प्रभावित करती है। इससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य कमजोर होता है, आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है और सामाजिक संबंधों में भी तनाव पैदा होता है। उन्होंने कहा कि इसका दुष्प्रभाव केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को इसकी कीमत चुकानी पड़ती है।

युवाओं को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नई पीढ़ी को नशे के जाल से बचाना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और कारोबार पर रोक लगाने के लिए सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ ही, जागरूकता के माध्यम से लोगों को इसके खतरों से अवगत कराने का भी प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके नुकसान के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। इस अवसर पर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।