झारखंड को मिला नया एडवोकेट जनरल, रोहितस्य रॉय ने लिया पदभार

झारखंड को मिला नया एडवोकेट जनरल, रोहितस्य रॉय ने लिया पदभार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jun 15, 2026, 1:21:00 PM

झारखंड सरकार द्वारा हाल ही में नियुक्त किए गए वरिष्ठ अधिवक्ता रोहितस्य रॉय ने सोमवार को राज्य के महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) का पदभार ग्रहण कर लिया। उनकी नियुक्ति की औपचारिक घोषणा एक दिन पहले की गई थी, जिसके बाद उन्होंने राज्य के सर्वोच्च विधिक पद की जिम्मेदारी संभाल ली।

रोहितस्य रॉय से पहले यह पद राजीव रंजन के पास था। राजीव रंजन ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद सरकार ने नए महाधिवक्ता के रूप में रॉय के नाम को मंजूरी दी।

कानूनी क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रोहितस्य रॉय ने झारखंड हाईकोर्ट में अधिवक्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। अब वे राज्य सरकार के प्रमुख विधिक सलाहकार की भूमिका निभाएंगे और विभिन्न महत्वपूर्ण मामलों में सरकार का पक्ष अदालतों के समक्ष रखेंगे।

विशेष बात यह है कि रोहितस्य रॉय झारखंड के इतिहास में सबसे कम उम्र में महाधिवक्ता बनने वाले व्यक्ति हैं। लगभग 45 वर्ष की आयु में इस पद तक पहुंचकर उन्होंने एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। एक सामान्य प्रैक्टिस करने वाले वकील से राज्य के शीर्ष कानूनी पद तक का उनका सफर राज्य की न्यायिक और विधिक बिरादरी में चर्चा का विषय बना हुआ है।