Ranchi: झारखंड में कौशल प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल के तहत आज मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन प्रशिक्षित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड में अधिक-से-अधिक युवाओं के हुनर को निखारकर उन्हें रोजगार व स्वरोजगार से जोड़ना सरकार का लक्ष्य है। इस दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है। रोजगारपरक प्रशिक्षण व कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। प्रशिक्षित युवाओं को आज नियुक्ति पत्र प्रदान किया जा रहा है। पूर्व में भी प्रशिक्षित युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये हैं, जो राज्य के साथ-साथ देश-विदेशों में अपने कार्यों को पूर्ण कर रहे हैं। आज के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान उन्हें भी जोड़ा गया। इनका अनुभव सभी से जाना-समझा।
मुख्यमंत्री आज प्रोजेक्ट भवन सभागार में प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं का मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में प्रेझा फाउंडेशन (विशेष प्रयोजन वाहिनी) के माध्यम से प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता अनुसार हम अपने बच्चों का कौशल विकास करें। उनके हुनर को तराशा जाए, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ा होकर अपने बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।
आधुनिकता के दौर में बदलाव जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में कई तरह की ज्ञानवर्धक व्यवस्थाएं हैं। साधारण सा इंजीनियर बनने के बाद जैसे ही चार साल की शिक्षा ग्रहण होती थी, कैंपस सिलेक्शन होकर बच्चों की नौकरी मिलती थी, लेकिन अब दौर बदल गया है। एआई का समय पूरी तरीके से वैश्विक रूप में हमारे सामने खड़ा है, उसमें पढ़ाई के साथ-साथ हुनर की भी बहुत आवश्यकता है। उन्होंने झारखंड में स्थापित एचईसी के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस संस्थान के माध्यम से ही देश के लगभग सभी उद्योग खड़े हुए। इसी एचईसी ने देश के लगभग उद्योगों को स्थापित किया। एचईसी को मदर फैक्ट्री के रूप में भी जाना जाता रहा, लेकिन आज स्थिति बदल गई है। क्योंकि इस कंपनी ने समय अनुसार अपने को बदल नहीं पाया। समय की धूरी में अपने आप को स्थापित करने के लिए, सफल होने के लिए समय के साथ चलना होता है।
देश-दुनिया में अपने हुनर का लोहा मनवा रहे राज्य के युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान दौर में व्यक्ति/युवा के हाथ में कौशल है, हुनर है, तो वह कभी कमजोर नहीं होगा। भूखा रहने की स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। वह अपनी कौशल/हुनर के माध्यम से अपने परिवार, समाज को भी सबल बनाने में सबल हो सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रेझा फाउंडेशन के माध्यम से आज एमओयू हस्ताक्षर भी किए गये हैं। इस एमओयू से युवाओं को नई तकनीक से जुड़कर रोजगार करने का अवसर प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर युवक-युवती देश-विदेशों में अपनी हुनर व कौशल का लोहा मनवा रहे हैं और रोजगार से जुड़े हैं।
राज्य सरकार ने पुरूष नर्स का प्रशिक्षण देने का लिया है निर्णय
मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग की पढ़ाई महिलाएं और लड़कियां ही करतीं हैं। इस धारणा को समाप्त कर पुरूषों को भी पुरुष स्टाफ नर्सों के रूप में प्रशिक्षण देने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। कई बड़े-छोटे अस्पतालों को देखा है, जहां पुरुष स्टाफ नर्स बहुत बड़ी तादाद काम में काम कर रहे हैं।
टेक्सटाइल क्षेत्र में भी युवाओं को अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्सटाइल इंडस्ट्री भी पहले सिर्फ लड़कियों के लिए था, लेकिन वर्तमान में यह पुरूषों के लिए भी बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि महिला-पुरूष के काम में कोई भेदभाव अब नहीं है। समय का भी कोई बाध्यता नहीं रही। लड़कियां/महिलाएं पुरुषों की तरह नाइट शिफ्ट ओवरटाइम में भी काम कर रहीं हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में हो रहा सकारात्मक सुधार
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से राज्य में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल तैयार हो रहे हैं। इन विद्यालयों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी राज्य के अभ्यर्थियों को तैयार किया जा रहा है।
कल्याण विभाग के छात्रावास में खाना का प्रबंध कराने का निर्णय
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण विभाग की ओर से राज्य में संचालित आवासीय विद्यालयों के छात्रावासों में विद्यार्थियों के लिए खाने का प्रबंध राज्य सरकार द्वारा किये जाने का निर्णय लिया गया है। आवासीय विद्यालयों में अध्ययन के साथ-साथ उन्हें रहने, खाने की व्यवस्था सरकार करेगी। सरकार के तरफ से लोगों को वहां नियुक्त किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पायलट बनने, हवाई जहाज उड़ाने का ट्रेनिंग देने का काम किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा चयनित 15 युवाओं को कामर्शियल पायलट ट्रेनिंग राज्य सरकार अपनी खर्च पर करवायेगी। भविष्य में एयर होस्टेस कोर्स को भी इसमें जोड़ने का कार्य होगा।
प्रशिक्षण का ऐसा मॉडल तैयार करें, जिससे राज्य में हो रही गतिविधियों में युवाओं को मिले रोजगार
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रेझा फाउंडेशन एवं राज्य की अन्य शिक्षण-प्रशिक्षण केन्द्रोंत्रके पदाधिकारियों को निदेशित किया कि प्रशिक्षण का ऐसा मॉडल तैयार करें, जिससे राज्य में हो रहे कार्यो, चल रही गतिविधियों में रोजगार मुहैया हो सके। उन्होंने कहा कि झारखंड ऐसा राज्य है, जहां सबसे अधिक खनिज संपदा है। अधिसंख्य जिलों में खनन कार्य हो रहे हैं, पावर जेनरेशन का काम हो रहा है, स्टील इंडस्ट्री का काम, माइनिंग एक्टिविटीज, गोल्ड माइनिंग, यूरेनियम माइनिंग यहां हो रहे हैं। राज्य में हो रहे कार्यों, गतिविधियों पर ट्रेनिंग मॉडल तैयार होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवक-युवतियों को शुभकामनाएं दी।
एमओयू से युवाओं में रोजगार के नए अवसर होंगे सृजित
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में आज प्रेझा फाउंडेशन एवं आईआईटी मद्रास के बीच एमओयू हस्ताक्षर हुए। वहीं प्रेझा फाउंडेशन एवं टीवीएस फाउंडेशन के बीच भी एमओयू हस्ताक्षर किए गए। इसमें क्रमशः प्रेझा फाउंडेशन के श्री कल्याण चक्रवर्ती तथा आईआईटी मद्रास के श्री बाला मुरली शंकर तथा दूसरे एमओयू में प्रेझा फाउंडेशन के श्री कल्याण चक्रवर्ती एवं टीवीएस फाउंडेशन के श्री कृष्ण कुमार प्रभु ने संयुक्त हस्ताक्षर किया। इस एमओयू हस्ताक्षर से झारखंड के युवाओं में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने राज्य व देश-विदेश में कार्यरत युवाओं से की बात
मुख्यमंत्री कौशल एवं रोजगार सम्मान समारोह एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने राज्य एवं देश-विदेश के विभिन्न संस्थानों में कार्यरत झारखंड के युवाओं से बाचतीत की। उनके रोजगार के संबंध में जानकारी ली। साथ ही उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दुबई में कार्यरत गुमला जिले के राजधन उरांव से बातचीत कर उनके कार्य करने के अनुभव को जाना।
मुख्यमंत्री के समक्ष अनुभव साझा किए
तमिलनाडु के चेन्नई में काम कर रही खूंटी जिले के तोरपा की अलका हेंब्रम से भी बात कर उनका कुशलक्षेम जाना। साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न कौशल विकास केन्द्रों में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षणार्थियों से वर्चुअल माध्यम से बातचीत कर उनके अनुभवों को जाना।प्रशिक्षण प्राप्त कर राज्य के विभिन्न संस्थानों एवं व्यक्तिगत स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रहे युवक-युवतियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने उनके अनुभवों और उपलब्धियों की सराहना करते हुए युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार के नए अवसर तलाशने, स्वरोजगार को अपनाने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री चमरा लिंडा, जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री हफीजुल हसन, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, विभागीय सचिव कृपानंद झा, आदिवासी कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, निदेशक प्रेझा फाउंडेशन श्री कल्याण चक्रवर्ती सहित अन्य पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षित युवक-युवतियों सहित नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी उपस्थित थे।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट