झारखंड में गर्मी ने दी दस्तक, होली तक 36 डिग्री के पार जा सकता है पारा

झारखंड में गर्मी ने दी दस्तक, होली तक 36 डिग्री के पार जा सकता है पारा

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 28, 2026, 4:43:00 PM

फरवरी के आखिरी दिनों में झारखंड का मौसम करवट लेता दिखाई दे रहा है। दिन के समय तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जबकि रात में अब भी हल्की ठंडक महसूस हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा आंकड़े संकेत दे रहे हैं कि मार्च की शुरुआत के साथ गर्मी का असर और तेज होगा, जिसका प्रभाव होली के त्योहार पर भी पड़ सकता है।

शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 2.2 डिग्री नीचे है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास हुआ, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंड बनी रही।

औद्योगिक शहरों में बढ़ा तापमान

जमशेदपुर में गर्मी का प्रभाव अधिक स्पष्ट रहा। यहां अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य के बराबर है। न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री रहा। इसी शहर में दृश्यता सबसे कम 2000 मीटर दर्ज की गई।

डालटनगंज में पारा 33.8 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है। वहीं बोकारो में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो औसत से 4.4 डिग्री ज्यादा है।

चाईबासा सबसे गर्म, खूंटी में सबसे कम न्यूनतम तापमान

राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, खूंटी में न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे वहां सुबह हल्की ठंडक बनी रही। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के किसी भी हिस्से में वर्षा दर्ज नहीं की गई।

होली तक और चढ़ेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार मार्च के पहले और दूसरे सप्ताह में तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी जारी रहेगी। अनुमान है कि होली के आसपास दिन का तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। फिलहाल बारिश की संभावना कम है और मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। ऐसे में होली पर लोगों को तेज धूप और बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि रात का मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना रहेगा।