छात्र आंदोलन पर विधानसभा में हाईवोल्टेज ड्रामा, सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

छात्र आंदोलन पर विधानसभा में हाईवोल्टेज ड्रामा, सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित

झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र के चौथे दिन कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों में सदन का माहौल गरमा गया। छात्रों के आंदोलन का मुद्दा उठते ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के सदस्य वेल में पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

कार्यवाही शुरू होते ही विधायक प्रदीप यादव ने छात्रों के आंदोलन पर अपनी बात रखनी शुरू की। उन्होंने दावा किया कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे और भाजपा पर अपने लोगों को बचाने का आरोप लगाया। इस बयान के बाद भाजपा विधायक पोस्टर लेकर वेल में पहुंच गए। भाजपा विधायकों के वेल में आने के बाद सत्तारूढ़ गठबंधन के सदस्य भी वहां पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी तेज हो गई और सदन में शोर-शराबे की स्थिति बन गई। हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही सामान्य तरीके से आगे नहीं बढ़ सकी।

10 मिनट भी नहीं चल सकी कार्यवाही

सदन की कार्यवाही शुरू होने के करीब 10 मिनट के भीतर ही हंगामा इतना बढ़ गया कि विधानसभा अध्यक्ष को हस्तक्षेप करना पड़ा। लगातार जारी नारेबाजी और अव्यवस्था को देखते हुए उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी। छात्र आंदोलन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच पहले से जारी राजनीतिक टकराव का असर विधानसभा के मॉनसून सत्र के चौथे दिन भी साफ तौर पर देखने को मिला।