गोपनीय दस्तावेज़ लीक मामले में गवाहों के बयान से बढ़ी कानूनी हलचल

गोपनीय दस्तावेज़ लीक मामले में गवाहों के बयान से बढ़ी कानूनी हलचल

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jun 18, 2026, 4:34:00 PM

विधायक सरयू राय से जुड़े कथित गोपनीय दस्तावेज लीक प्रकरण में एमपी/एमएलए मामलों की विशेष अदालत में गुरुवार को सुनवाई हुई। मामले के दौरान सरयू राय की ओर से अदालत में जवाब दाखिल नहीं किया गया। इसके बाद कोर्ट ने याचिका पर अगली सुनवाई के लिए 24 जून की तारीख निर्धारित की है।

इस मामले में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 319 के तहत एक आवेदन दाखिल किया गया है। याचिका में अदालत से अनुरोध किया गया है कि कर्मचारी शंभू सिंह को भी मामले में आरोपी के रूप में शामिल करने की अनुमति दी जाए। आवेदन में कहा गया है कि मुकदमे के दौरान पेश किए गए साक्ष्यों से उनकी भूमिका सामने आई है।

अभियोजन पक्ष का दावा है कि अब तक चार गवाहों ने अपने बयानों में बताया है कि उन्होंने शंभू सिंह को कथित गोपनीय दस्तावेजों की तस्वीर लेते हुए देखा था। इस केस में अभियोजन पक्ष अनुसंधान अधिकारी सहित कुल 12 गवाहों की गवाही अदालत में दर्ज करा चुका है।

यह मामला मई 2022 में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। स्वास्थ्य विभाग के एक अवर सचिव ने डोरंडा थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि सरयू राय ने विभाग के गोपनीय दस्तावेज हासिल कर उन्हें सार्वजनिक किया। आरोप है कि उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर सरयू राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता पर कोविड-19 प्रोत्साहन राशि के वितरण में अनियमितता और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने यह भी दावा किया था कि नियमों की अनदेखी करते हुए करीब 60 लोगों को अवैध तरीके से प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया गया।