हटिया के रिहायशी इलाके में सैर-सपाटा करते नज़र आये 'गजराज', वन विभाग अलर्ट

हटिया के रिहायशी इलाके में सैर-सपाटा करते नज़र आये 'गजराज', वन विभाग अलर्ट

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 27, 2026, 10:26:00 AM

राजधानी रांची के हटिया क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली हाथी को आबादी वाले इलाके में घूमते देखा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथी सड़क किनारे टहलता नजर आया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और आसपास के निवासियों को घरों के भीतर रहने तथा सतर्कता बरतने की सलाह दी। हालात की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग को भी तत्काल अवगत कराया गया। विभाग की टीम हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की दिशा में लौटाने की रणनीति पर काम कर रही है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति हाथी को उकसाने या उसके नजदीक जाने की कोशिश न करे, क्योंकि ऐसी स्थिति में वह आक्रामक हो सकता है। संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र की घेराबंदी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

गौरतलब है कि झारखंड में हाल के दिनों में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं बढ़ी हैं। बीते एक महीने के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में हाथियों के हमलों में दो दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। कई ग्रामीण घायल हुए हैं और कृषि फसलों को भी व्यापक नुकसान पहुंचा है।

ऐसे हालात में हटिया में हाथी के पहुंचने की खबर से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और नागरिकों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील कर रही है।